

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bastar murder superstition witchcraft suspicion darbha
बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में अंधविश्वास ने एक और ग्रामीण की जान ले ली है। दरभा थाना क्षेत्र के पखनार गांव में जादू-टोना के शक और आपसी रंजिश के चलते दो सगे भाइयों ने मिलकर एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 30 अप्रैल की दोपहर की है। मृतक मंगलू मंडावी अपने घर के पास एक आम के पेड़ के नीचे बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव के ही दो भाई, आयतु मड़कामी और सुखराम मड़कामी, शराब के नशे में वहां पहुंचे। दोनों ने मंगलू पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
विवाद इतना बढ़ा कि छोटे भाई आयतु ने अचानक चाकू निकालकर मंगलू के सीने पर वार कर दिया। जब मंगलू घायल होकर तड़पने लगा, तब बड़े भाई सुखराम ने चाकू छीनकर उसका गला रेत दिया, जिससे मौके पर ही मंगलू की मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों भाई मौके से फरार होकर पास के जंगलों में छिप गए थे। दरभा पुलिस ने मामला दर्ज कर इलाके की घेराबंदी की और 1 मई को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।