

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bhilai cng tanker gas leak nh53 dmart traffic jam
भिलाई। नेशनल हाईवे-53 पर डी-मार्ट के सामने रविवार रात करीब 9 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में लोड CNG टैंकर से अचानक गैस का तेज रिसाव शुरू हो गया। टैंकर से निकल रही गैस की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के काफी दूर तक सुनाई दी। अचानक आई तेज आवाज से लोगों में किसी बड़े हादसे या धमाके की आशंका पैदा हो गई और इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, NHAI की टीम और SDRF के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से आसपास के क्षेत्र को घेर लिया गया। खास बात यह थी कि घटनास्थल के बेहद करीब एक अस्पताल और मैरिज पैलेस भी स्थित था, जिसके चलते प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता बरती।
हाईवे पर रोका गया यातायात, लगा लंबा जाम
गैस रिसाव को देखते हुए सुरक्षा कारणों से नेशनल हाईवे-53 पर वाहनों की आवाजाही तत्काल रोक दी गई। हाईवे बंद होने के बाद कुछ ही देर में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया।
बताया गया कि करीब 30 से 40 मिनट तक टैंकर से तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव होता रहा। इस दौरान पुलिस और राहत टीमों ने आसपास के इलाके पर लगातार नजर बनाए रखी और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा।
वाल्व टाइट कर टाला बड़ा हादसा
गैस का रिसाव कम होने और स्थिति सुरक्षित पाए जाने के बाद राहत एवं सुरक्षा टीम के जवान सावधानीपूर्वक टैंकर के पास पहुंचे। टीम ने टैंकर के वाल्व को सुरक्षित तरीके से टाइट किया, जिसके बाद रिसाव पूरी तरह नियंत्रित हो गया।
अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई और सुरक्षा टीमों की सतर्कता से संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया। स्थिति सामान्य होने के बाद टैंकर को सुरक्षित तरीके से गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
इसके बाद नेशनल हाईवे पर यातायात दोबारा बहाल कर दिया गया और वाहनों की आवाजाही सामान्य हो गई। घटना के दौरान किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है।