

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bjp central team reshuffle amit shah nitin naveen meeting
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय संगठनात्मक टीम में संभावित फेरबदल की चर्चाओं के बीच गुरुवार को पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, अमित शाह के आवास पर हुई यह बैठक करीब तीन घंटे तक चली, जिसमें बीजेपी के महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष भी मौजूद रहे।
हालांकि बैठक को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि इसमें पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई टीम को लेकर व्यापक चर्चा हुई। सूत्रों का कहना है कि जनवरी में पार्टी अध्यक्ष बने नितिन नवीन के नेतृत्व में बनने वाली नई केंद्रीय टीम में अनुभवी नेताओं के साथ-साथ युवा चेहरों को भी अहम जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं।
सूत्रों के मुताबिक, सरकार में मंत्री या अन्य पदों पर कार्यरत कुछ नेताओं को संगठन में लाकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपने पर भी विचार किया गया है। नई केंद्रीय टीम के नामों की घोषणा जल्द किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
इधर, बीजेपी आगामी विधानसभा चुनावों, विशेषकर उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के चुनावों की तैयारियों में पूरी ताकत से जुट गई है। उत्तर प्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी अपनी नई टीम के साथ चुनावी रणनीति पर काम कर रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर संगठन और चुनावी माहौल को मजबूत करने में जुटे हैं।
बीजेपी के भीतर संगठनात्मक बदलावों को आगामी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है और अब सभी की नजरें पार्टी की नई केंद्रीय टीम की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।