

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh jail prahari recruitment 2026 cgpsc 100 posts agniveer reservation
रायपुर। छत्तीसगढ़ की जेलों में वर्षों से बनी जेल प्रहरियों की कमी को दूर करने के लिए राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। लगभग 11 वर्षों बाद प्रदेश लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) के माध्यम से 100 जेल प्रहरियों की भर्ती की जाएगी। जेल मुख्यालय ने भर्ती संबंधी प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद इसे सीजीपीएससी को भेजा जाएगा और आगामी कुछ महीनों में भर्ती का विज्ञापन जारी होने की संभावना है।
इस भर्ती की खास बात यह होगी कि राज्य सरकार के निर्णय के अनुरूप अग्निवीरों को आरक्षण का लाभ भी दिया जाएगा। इसके लिए भर्ती नियमों में आवश्यक संशोधन कर प्रस्ताव तैयार किया गया है।
पहले व्यापमं के जरिए होनी थी भर्ती
जानकारी के अनुसार, जेल विभाग ने पहले भर्ती का प्रस्ताव व्यापमं को भेजा था। हालांकि वर्ष 2026 के व्यस्त परीक्षा कैलेंडर के कारण यह प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। इसी दौरान सरकार ने अग्निवीरों को विभिन्न भर्तियों में आरक्षण देने का निर्णय लिया, जिसके बाद भर्ती नियमों में संशोधन कर नया प्रस्ताव शासन को भेजा गया।
11 साल से नहीं हुई भर्ती
प्रदेश में आखिरी बार वर्ष 2014 में जेल प्रहरियों की भर्ती हुई थी। इसके बाद लगातार रिक्त पद बढ़ते गए, लेकिन नई भर्ती नहीं हो सकी। वर्तमान में जेल विभाग में 535 पद रिक्त हैं। फिलहाल पहले चरण में 100 पदों पर भर्ती की जाएगी। विभाग को उम्मीद है कि भविष्य में शेष रिक्त पदों को भी चरणबद्ध तरीके से भरा जाएगा।
क्षमता से अधिक कैदी, स्टाफ की भारी कमी
छत्तीसगढ़ की जेलों में इस समय निर्धारित क्षमता से अधिक कैदी बंद हैं। प्रदेश की 5 केंद्रीय जेल, 22 जिला जेल और 6 उप-जेलों में कैदियों की संख्या लगातार बढ़ने से सुरक्षा व्यवस्था और जेल संचालन पर दबाव बढ़ गया है। दूसरी ओर जेल प्रहरियों और अन्य कर्मचारियों की कमी के कारण व्यवस्थाओं को संभालना चुनौती बना हुआ है।
ऐसे में लंबे समय बाद होने वाली यह भर्ती न केवल बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का अवसर लेकर आएगी, बल्कि जेलों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और कर्मचारियों पर बढ़ते कार्यभार को कम करने में भी महत्वपूर्ण साबित होगी।
शासन की मंजूरी के बाद सीजीपीएससी भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा और विस्तृत विज्ञापन जारी कर आवेदन की तिथियां, पात्रता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और अन्य शर्तों की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। फिलहाल भर्ती की तैयारी शुरू होने से नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं में उत्साह का माहौल है।