

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh police shaurya chakra laxman kevat rameshwar deshmukh
रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस के इंस्पेक्टर लक्ष्मण केवट और रामेश्वर प्रसाद देशमुख को उनके अदम्य साहस, असाधारण वीरता और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दोनों अधिकारियों को बधाई देते हुए इसे पूरे प्रदेश के लिए गर्व और गौरव का क्षण बताया है।
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान विषम परिस्थितियों में दोनों अधिकारियों ने असाधारण साहस, रणनीतिक कौशल और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। उनके योगदान से न केवल अभियान सफल हुए, बल्कि नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प को भी नई ऊर्जा मिली है।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल दोनों अधिकारियों की वीरता का ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों के उच्च मनोबल तथा राष्ट्रसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का भी सम्मान है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की ओर से लक्ष्मण केवट और रामेश्वर प्रसाद देशमुख को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी इसी समर्पण, साहस और निष्ठा के साथ राष्ट्र एवं प्रदेश की सेवा करते रहेंगे।
