

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

income tax raid chhattisgarh barbarik construction pr group 14 crore seized
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोल, स्पंज आयरन और सड़क निर्माण कारोबार से जुड़े बड़े कारोबारी समूहों पर आयकर विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। बुधवार सुबह शुरू हुई छापेमारी को करीब 40 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन जांच टीमें अब भी अलग-अलग ठिकानों पर दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर रही हैं। इस कार्रवाई में अब तक 14 करोड़ रुपये नकद के साथ सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।
आयकर विभाग की यह कार्रवाई सूरजपुर के उद्योगपति श्रवण अग्रवाल, बजरंग अग्रवाल और कमल अग्रवाल के बर्बरीक कंस्ट्रक्शन ग्रुप, सड़क निर्माण कारोबारी प्रभात अग्रवाल के पीआर ग्रुप और उनसे जुड़ी सहयोगी फर्मों पर केंद्रित है।
डीडीआईटी नवीन जैन के नेतृत्व में 120 से अधिक अधिकारियों की टीम ने बुधवार सुबह एक साथ दबिश दी थी। प्रदेश के रायपुर, रायगढ़, बिलासपुर, अंबिकापुर, सूरजपुर और जांजगीर-चांपा समेत छह जिलों में करीब 50 ठिकानों पर जांच की जा रही है। इसके अलावा मुंबई और झारखंड में भी कार्रवाई जारी है। फिलहाल जांच टीमों के लौटने की कोई सूचना नहीं है।
15 से अधिक बैंक लॉकर मिले, डिजिटल साक्ष्य भी हाथ लगे
जांच के दौरान आयकर विभाग को बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ियों के संकेत मिले हैं। अधिकारियों को 15 से अधिक बैंक लॉकरों का पता चला है। इनमें बेनामी संपत्तियों और शेल कंपनियों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। इसके अलावा कच्चे-पक्के हिसाब-किताब से जुड़े डिजिटल साक्ष्य भी विभाग के हाथ लगे हैं।
विभाग पिछले तीन महीने के वित्तीय लेनदेन को खंगाल रहा है। शुरुआती जांच में घोषित आय और वास्तविक कारोबार के बीच अंतर मिलने के बाद कर चोरी की आशंका के आधार पर कार्रवाई की गई है।
मुंबई और अहमदाबाद से बुलाए गए विशेषज्ञ
जब्त किए गए सोने-चांदी के आभूषणों और अन्य संपत्तियों का मूल्यांकन करने के लिए मुंबई और अहमदाबाद से विशेषज्ञों को बुलाया गया है। जांच की कार्रवाई अगले तीन से चार दिनों तक और चल सकती है।
गौरतलब है कि करीब दो साल पहले पीआर ग्रुप के तेलीबांधा स्थित कार्यालय पर अमन साहू गिरोह ने रंगदारी के लिए गोलीबारी की थी। अब इसी कारोबारी समूह से जुड़े ठिकानों पर आयकर विभाग की व्यापक कार्रवाई चर्चा में है।
फिलहाल आयकर विभाग की जांच जारी है। आने वाले दिनों में जब्त दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और बैंक खातों की पड़ताल के बाद इस कार्रवाई में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।