

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

janjgir-congress-leader-son-shot-dead-home-invasion
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में देर रात हुई सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। नकाब पहने तीन बदमाशों ने एक कांग्रेस नेता के घर में घुसकर उनके बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि छोटे बेटे को भी गोली लगने से गंभीर चोट आई है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
यह मामला जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव का है। मृतक की पहचान आयुष कश्यप (19) के रूप में हुई है, जो बीए-एलएलबी द्वितीय वर्ष का छात्र था। वहीं उसका छोटा भाई आशुतोष कश्यप (16) घायल है, जिसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

परिजनों के अनुसार, घटना की रात घर में आयुष, उसका छोटा भाई और बहन एक ही कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान तीन अज्ञात युवक चेहरे पर नकाब पहनकर घर में दाखिल हुए। आरोपियों ने पहले माता-पिता को कमरे में बंद किया और फिर सीधे बच्चों के कमरे में पहुंचकर फायरिंग शुरू कर दी।
गोली लगने से आयुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटे भाई को भी हमलावरों ने निशाना बनाया। वारदात के बाद आरोपी घर से मोबाइल फोन, एक आईफोन और कुछ नकदी लेकर फरार हो गए।
मृतक के पिता सम्मेलाल कश्यप, जो सीमेंट और रेत कारोबारी होने के साथ कांग्रेस से भी जुड़े रहे हैं, ने आशंका जताई है कि हत्या के पीछे रेत कारोबार की रंजिश हो सकती है। उनका कहना है कि आयुष हाल के दिनों में कारोबार में सक्रिय हुआ था और उसने कुछ भारी वाहन भी खरीदे थे, जिसके बाद से विवाद की स्थिति बन रही थी।

मृतक की बहन ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले भी कुछ युवक घर आकर आयुष के बारे में जानकारी लेकर गए थे। परिवार का मानना है कि उसी घटना का संबंध इस हमले से हो सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, साइबर टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। पुलिस घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जिले की सीमाओं पर नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।