

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

kiran dev returns raipur bjp workers welcome chhattisgarh
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव बुधवार को उपचार के बाद दिल्ली से रायपुर लौटे। करीब दो महीने बाद छत्तीसगढ़ पहुंचे किरण देव के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता रायपुर विमानतल पहुंचे। इस दौरान युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा समेत विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
रायपुर एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं के स्वागत से अभिभूत किरण देव ने कहा कि पार्टी परिवार के प्रत्येक कार्यकर्ता का प्रेम, स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की जनता और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े अन्य दलों के लोगों ने भी उनके स्वास्थ्य को लेकर शुभकामनाएं दीं। इसके लिए उन्होंने सभी के प्रति हृदय से आभार जताया।

10 दिन रायपुर में रहेंगे किरण देव
पत्रकारों से बातचीत में किरण देव ने बताया कि वे अगले 10 दिनों तक रायपुर में रहकर फिजियोथेरेपी का कोर्स पूरा करेंगे। इसके बाद वे मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा जाएंगे और फिर जगदलपुर पहुंचेंगे। इसके बाद उनका पूरे छत्तीसगढ़ में प्रवास शुरू होगा।
स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शम्भू को दी शुभकामनाएं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शम्भू को सह प्रभारी बनाए जाने पर शुभकामनाएं दीं।
किरण देव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जिस विश्वास के साथ स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी दी है, उससे संगठन को उनके लंबे राजनीतिक और केंद्रीय मंत्री के रूप में अनुभव का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि संगठन कार्य में उनकी दक्षता छत्तीसगढ़ भाजपा को मजबूती देगी। वहीं, सह प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू का मार्गदर्शन भी संगठन को और अधिक व्यवस्थित एवं सशक्त बनाने में मदद करेगा।
इस दौरान भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।