

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Government takes major action over villager's death, suspends Kusmi SDM Karun Dahariya
बलरामपुर। बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र में अवैध बॉक्साइट खनन की जांच के दौरान ग्रामीणों से मारपीट के मामले में राज्य सरकार ने कड़ी कार्रवाई करते हुए कुसमी एसडीएम करूण डहरिया को निलंबित कर दिया है। इस घटना में 62 वर्षीय ग्रामीण रामनरेश राम की मौत हो गई थी, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था।
जांच के दौरान ग्रामीणों से विवाद, मारपीट का आरोप
जानकारी के अनुसार, कुसमी ब्लॉक के हंसपुर गांव में बॉक्साइट खनन क्षेत्र की जांच के दौरान एसडीएम करूण डहरिया का स्थानीय ग्रामीणों से विवाद हो गया। आरोप है कि एसडीएम और उनके साथ मौजूद निजी लोगों ने ग्रामीणों पर रॉड और डंडों से हमला कर दिया। घटना में तीन ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनमें रामनरेश राम की इलाज के दौरान मौत हो गई। दो अन्य घायल ग्रामीणों का उपचार जारी है।
घायल ग्रामीणों ने सुनाई आपबीती
घायल ग्रामीण अजीत उरांव और आकाश अगरिया ने बताया कि वे खेत में सिंचाई कर लौट रहे थे। इसी दौरान सरना स्थल के पास वाहनों में सवार कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि पूछताछ के बाद उनके साथ मारपीट की गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौत के बाद ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन
घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने एसडीएम के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। बढ़ते दबाव के बाद पुलिस ने एसडीएम समेत चार लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया था। अब राज्य सरकार ने प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए एसडीएम को निलंबित कर दिया है।
सरकारी जांच पर भी उठे सवाल
मामले में यह भी सवाल उठ रहे हैं कि अवैध खनन जांच के दौरान एसडीएम सरकारी वाहन के बजाय निजी थार वाहन से क्यों पहुंचे और उनके साथ निजी लोग क्यों मौजूद थे। सूत्रों के मुताबिक घटना के बाद राजस्व अमले को बुलाकर स्थिति संभालने की कोशिश की गई थी।
पहले भी विवादों में रहे हैं अधिकारी
करूण डहरिया वर्ष 2019 बैच के राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी हैं। इससे पहले चांपा-जांजगीर में पदस्थापना के दौरान छात्रों से विवाद और गरियाबंद में जनपद पंचायत सीईओ रहते हुए रिश्वत लेने के आरोप में भी वे सुर्खियों में रह चुके हैं। वर्ष 2022 में एंटी करप्शन ब्यूरो ने उन्हें रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था।
पुलिस जांच जारी
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रशासन ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
