

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

womens asia cup 2026 india refuses trophy from mohsin naqvi
दुबई: महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 72 रनों से हराकर रिकॉर्ड 8वीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया। हालांकि खिताबी जीत के बाद दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन समारोह में एक बड़ा विवाद देखने को मिला।
भारतीय टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान सरकार के गृह मंत्री मोहसिन नकवी के हाथों से विजेता ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। प्रोटोकॉल के तहत नकवी को चैंपियन टीम को ट्रॉफी सौंपनी थी, लेकिन भारतीय टीम के रुख के कारण वह ऐसा नहीं कर सके।
ट्रॉफी लेने मंच पर नहीं पहुंची भारतीय टीम
प्रेजेंटेशन सेरेमनी के दौरान मोहसिन नकवी मंच पर मौजूद रहे, लेकिन भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और टीम की खिलाड़ियों ने उनके हाथों से ट्रॉफी स्वीकार नहीं की। इसके बाद समारोह में उपविजेता श्रीलंका की टीम को मेडल दिए गए और प्रेजेंटेशन सेरेमनी समाप्त कर दी गई।
मैच से पहले ही इस बात की चर्चा थी कि अगर भारतीय टीम फाइनल जीतती है तो ट्रॉफी सौंपने को लेकर विवाद हो सकता है। आखिरकार ऐसा ही देखने को मिला।
पिछले साल पुरुष एशिया कप में भी हुआ था ऐसा
यह पहली बार नहीं है जब भारतीय टीम ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार किया हो। पिछले साल पुरुष एशिया कप के फाइनल में भी भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था। उस समय भी भारतीय टीम ने नकवी से ट्रॉफी स्वीकार नहीं की थी और बिना ट्रॉफी के ही चैंपियन बनने का जश्न मनाया था।
महिला टीम ने भी इस बार उसी रुख को बरकरार रखा।
फाइनल में भारत का शानदार प्रदर्शन
फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 183 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने 39 गेंदों में 9 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 68 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं स्मृति मंधाना ने 59 रन बनाए।
184 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की पूरी टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 20 ओवर में 111 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
भारत की ओर से श्री चरणी ने 4 विकेट चटकाए, जबकि दीप्ति शर्मा ने 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। इस शानदार जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने महिला एशिया कप में अपना दबदबा कायम रखते हुए रिकॉर्ड 8वीं बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
हालांकि मैदान पर मिली इस बड़ी जीत के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में ट्रॉफी को लेकर हुआ घटनाक्रम मुकाबले से ज्यादा चर्चा का विषय बन गया।