

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Special Story: Chhattisgarh achieves a major milestone in sanitation worker safety; ranks joint number one in the country under the NAMASTE scheme.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने केंद्र सरकार की NAMASTE (National Action Plan for Mechanized Sanitation Ecosystem) योजना के क्रियान्वयन में देश में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया है। राज्यों के प्रदर्शन का 100 अंकों के निर्धारित पैमाने पर किए गए मूल्यांकन में छत्तीसगढ़ के साथ आंध्र प्रदेश, ओडिशा, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी भी संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रहे।
यह उपलब्धि सीवर एवं सेप्टिक टैंक कर्मियों की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण, आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था और स्वच्छता कार्यों में मशीनीकरण को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित करती है।
NAMASTE योजना का मुख्य उद्देश्य सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई में मानवीय जोखिम को कम करना, खतरनाक तरीके से हाथ से सफाई की प्रथा को समाप्त करना और आधुनिक मशीनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है। इसके तहत स्वच्छता कर्मियों को सुरक्षित एवं गरिमापूर्ण कार्य वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ में नगरीय निकायों के माध्यम से जेटिंग एवं सक्शन मशीनों, आधुनिक वाहनों और अन्य तकनीकी संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि सफाई कर्मियों को असुरक्षित परिस्थितियों में काम न करना पड़े और स्वच्छता कार्यों के दौरान होने वाली मौतों को शून्य (Zero Fatality) किया जा सके।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अनुसार, राज्य में अब तक 1,487 सीवर एवं सेप्टिक टैंक कर्मियों का सर्वेक्षण किया गया है। इनमें से 1,465 कर्मियों का सत्यापन पूरा हो चुका है। राज्य के 169 नगरीय निकायों में 1,428 कर्मियों को PPE किट उपलब्ध कराई गई हैं। इन सुरक्षा उपकरणों का उद्देश्य कर्मियों को सफाई के दौरान संभावित जोखिमों से बचाना है। इसके अलावा 1,374 कर्मियों को आयुष्मान भारत कार्ड उपलब्ध कराया गया है, जिससे उन्हें और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच में मदद मिलेगी।
सफाई कार्यों में तकनीकी दक्षता और सुरक्षा मानकों को मजबूत करने के लिए 139 सीवर एवं सेप्टिक टैंक कर्मियों को व्यावसायिक सुरक्षा प्रशिक्षण दिया गया है। वहीं, 923 स्वच्छता कर्मियों के लिए कार्यशालाएं आयोजित कर उन्हें सुरक्षित कार्य पद्धतियों और सुरक्षा प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में जोखिमपूर्ण परिस्थितियों से बचाव, सुरक्षा उपकरणों के सही इस्तेमाल और आधुनिक स्वच्छता मशीनरी के संचालन से संबंधित जानकारी दी जा रही है।
NAMASTE योजना के तीन वर्ष पूरे होने के अवसर पर 14 जुलाई 2026 को राज्यभर के नगरीय निकायों में ‘नमस्ते दिवस’ मनाया गया। इसमें 15 हजार से अधिक स्वच्छता कर्मियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और आम नागरिकों ने सहभागिता की।
बलरामपुर जिले में नगर पालिका परिषद रामानुजगंज की ओर से विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किया गया। मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए सफाई कर्मियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और चिकित्सकों ने आवश्यक परामर्श दिया। ‘नमस्ते दिवस’ के दौरान सफाई कर्मियों का सम्मान करने के साथ PPE किट और आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड भी वितरित किए गए।
स्वच्छता कर्मियों के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में 47 Emergency Response Sanitation Units (ERSU) स्थापित किए गए हैं। इनमें 14 नगर निगम, 24 जिला मुख्यालय और 9 द्वितीय सर्वाधिक जनसंख्या वाले नगरीय निकाय शामिल हैं। इनमें से 39 ERSU को सुरक्षा किट भी उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। इसके साथ ही 14420 हेल्पलाइन के माध्यम से सीवर और सेप्टिक टैंक सफाई से जुड़ी आपात स्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
NAMASTE योजना के दायरे में कचरा बीनने वाले यानी Waste Pickers भी शामिल हैं। छत्तीसगढ़ में अब तक 8,527 वेस्ट पिकर्स की प्रोफाइलिंग की गई है, जिनमें से 6,799 का सत्यापन पूरा हो चुका है। इनमें से 991 वेस्ट पिकर्स को PPE किट दी गई हैं और 512 को व्यावसायिक सुरक्षा प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। विभाग के अनुसार, शेष 6,287 वेस्ट पिकर्स को प्रशिक्षण देने की तैयारी की जा रही है।
NAMASTE योजना के क्रियान्वयन का मूल्यांकन 100 अंकों के निर्धारित पैमाने पर किया गया। इसमें अलग-अलग मानकों के लिए अंक निर्धारित किए गए थे। इसमें प्रोफाइल किए गए स्वच्छता कर्मियों के सत्यापन के लिए 20 अंक, एसयूवाय (SUY) के माध्यम से मशीनीकरण के लिए 10 अंक, ईआरएसयू एवं 14420 हेल्पलाइन के संचालन के लिए 20 अंक, सामाजिक सुरक्षा कवरेज के लिए 20 अंक तथा स्वच्छता मृत्यु से संबंधित मामलों में प्रवर्तन, मुआवजा एवं जवाबदेही के लिए 30 अंक निर्धारित हैं। इसके अतिरिक्त स्वच्छता मृत्यु के मामलों में नकारात्मक अंक का भी प्रावधान है। निर्धारित मूल्यांकन मानकों के आधार पर छत्तीसगढ़ ने संयुक्त रूप से प्रथम रैंक हासिल की है।
मूल्यांकन में स्वच्छता मृत्यु से जुड़े मामलों के लिए नकारात्मक अंकों का भी प्रावधान रखा गया था। निर्धारित मानकों के आधार पर छत्तीसगढ़ ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर नगरीय निकायों, विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों और NAMASTE योजना के क्रियान्वयन से जुड़े मैदानी अमले को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा, सम्मान और बेहतर कार्य परिस्थितियों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता कार्यों में मशीनीकरण बढ़ाकर जोखिमपूर्ण कार्यों को समाप्त करना और सफाई कर्मियों को सुरक्षित एवं गरिमापूर्ण कार्य का वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्रतिबद्धता है। उन्होंने यह भी कहा कि स्वच्छता कर्मियों के बच्चों की शिक्षा, परिवार की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए सरकार काम कर रही है।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने कहा कि NAMASTE योजना के क्रियान्वयन में राष्ट्रीय स्तर पर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान मिलना स्वच्छता कर्मियों के सत्यापन, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, व्यावसायिक प्रशिक्षण, सामाजिक सुरक्षा, आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था और स्वच्छता कार्यों के मशीनीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि स्वच्छता कर्मियों के सम्मान और सुरक्षित स्वच्छता व्यवस्था के साथ-साथ स्वच्छता कार्यों के दौरान होने वाली मौतों को शून्य करने की दिशा में राज्य की प्रतिबद्धता को मजबूत करती है।
सीवर एवं सेप्टिक टैंक कर्मियों को सुरक्षित और गरिमापूर्ण आजीविका तथा सामाजिक सुरक्षा देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने वर्ष 2023 में NAMASTE योजना शुरू की थी।

योजना में सीवर एवं सेप्टिक टैंक कर्मियों के अलावा Waste Pickers, नाली साफ करने वाले तथा STP और FSTP में कार्यरत कर्मियों को भी शामिल किया गया है। योजना का उद्देश्य स्वच्छता कार्यों का मशीनीकरण बढ़ाना, असुरक्षित तरीके से हाथ से सफाई की प्रथा को खत्म करना और स्वच्छता कार्यों के दौरान होने वाली मौतों को शून्य करना है।
इस योजना का संचालन आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (MoHUA) और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय (MoSJE) द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है, जबकि राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी वित्त एवं विकास निगम (NSKFDC) राष्ट्रीय कार्यान्वयन एजेंसी के रूप में कार्य करता है।
छत्तीसगढ़ में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के माध्यम से योजना को सभी शहरी स्थानीय निकायों तक लागू किया जा रहा है। PPE किट, स्वास्थ्य सुविधाएं, आयुष्मान कार्ड, सुरक्षा प्रशिक्षण, ERSU और 14420 हेल्पलाइन जैसी व्यवस्थाओं के जरिए स्वच्छता कर्मियों के लिए सुरक्षा कवच मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
NAMASTE योजना में संयुक्त रूप से राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान छत्तीसगढ़ में स्वच्छता कार्यों को अधिक सुरक्षित, मशीनीकृत और गरिमापूर्ण बनाने के लिए किए जा रहे इन प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान के रूप में सामने आया है।