

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Police tighten the net around Raipur’s ‘Bunty-Babli’ duo; investigation into ₹56 lakh fraud intensifies.
रायपुर। होटल कारोबारी दीपक उर्फ आंबेडकर टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन से ठगी की रकम के लेनदेन को लेकर पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। मंगलवार को दोनों को आमने-सामने बैठाकर बैंक खातों और पैसों के लेनदेन से जुड़े सवाल किए गए। पूछताछ के दौरान पति-पत्नी के बीच आपसी दूरी भी नजर आई। दोनों एक-दूसरे से बातचीत नहीं कर रहे हैं।पुलिस के सामने बरखा ने दावा किया कि उसके नाम पर खोले गए बैंक खातों का संचालन दीपक करता था और उसे खातों के इस्तेमाल की जानकारी नहीं थी। दूसरी ओर, दीपक सवालों का स्पष्ट जवाब देने से बचता नजर आया। दोनों फिलहाल तेलीबांधा थाना पुलिस की रिमांड पर हैं।
जांच में पुलिस को पता चला है कि कोयला कारोबारी से कथित तौर पर ठगे गए 31 लाख रुपये में से कुछ रकम बरखा टंडन के नाम पर खुले बैंक खाते में भी जमा कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने दंपती से जुड़े छह बैंक खातों की जांच शुरू कर दी है।पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि खातों में रकम कहां से आई, उसका इस्तेमाल किस तरह किया गया और लेनदेन में दोनों की क्या भूमिका रही।
पुलिस ने पहले पति-पत्नी से अलग-अलग पूछताछ की। इसके बाद अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों को सामने बैठाकर सवाल किए गए। इस दौरान बरखा लगातार यह कहती रही कि उसके नाम पर मौजूद खातों को दीपक ही संचालित करता था।वहीं, दीपक पुलिस के सवालों पर सीधे जवाब देने के बजाय उन्हें टालता रहा। दोनों के बयानों और बैंक खातों से मिले दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है। जांच का एक अहम पहलू यह है कि बरखा को खातों में जमा रकम और उनके इस्तेमाल की जानकारी थी या नहीं।
तेलीबांधा थाने में दीपक टंडन के खिलाफ पांच अपराध दर्ज हैं। आरोप है कि उसने कोरबा की एसईसीएल खदान में सुरक्षा गार्ड तैनात करने और कोयला परिवहन का ठेका दिलाने का भरोसा देकर दो कारोबारियों से कुल 56 लाख रुपये लिए थे।शिकायत के अनुसार, रूद्रा सिक्योरिटी ग्रुप के संचालक श्याम सिंह ठाकुर से 31 लाख रुपये और समूह के प्रबंधक विकास कुमार नागले से 25 लाख रुपये लिए गए थे। रकम के बदले दोनों कारोबारियों को चेक दिए गए, लेकिन बाद में ये चेक बाउंस हो गए।
पुलिस अब दंपती के छह बैंक खातों से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही है। जांच में यह स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है कि कथित ठगी की रकम किन खातों में पहुंची और उसे आगे कहां भेजा गया। पति-पत्नी के बयानों, बैंक दस्तावेजों और लेनदेन के रिकॉर्ड का मिलान कर पुलिस उनकी भूमिका का पता लगा रही है।