

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Distressed at being confined in the hostel, a student jumped from the second floor, sustaining fractures to his spine and leg.
अंबिकापुर। सरगवां स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल में एक छात्र के साथ कथित दुर्व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले बलरामपुर जिले के 15 वर्षीय छात्र ने हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। हादसे में उसकी रीढ़ और पैर की हड्डी टूट गई। गंभीर हालत में उसे पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए बनारस रेफर किया गया।परिजनों के मुताबिक, छात्र दो दिन पहले हॉस्टल से निकलकर घर पहुंच गया था। पकड़े जाने के डर से वह अपनी बुआ के घर चला गया और वहां एक कमरे में खुद को बंद कर लिया। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन के लोग उसे वहां से लेकर वापस हॉस्टल आ गए। यहां उससे उठक-बैठक कराई गई और फिर एक कमरे में बंद कर दिया गया। इस स्थिति से परेशान होकर छात्र ने कमरे के रोशनदान से छलांग लगा दी।
परिवार का आरोप है कि छात्र के हॉस्टल से जाने और उसे वापस लाने की जानकारी स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को नहीं दी। स्थानीय अभिभावक जब छात्र को लेने हॉस्टल पहुंचे, तब घटना की गंभीरता सामने आई। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज मित्तल, मार्केटिंग हेड उत्कर्ष, हॉस्टल वार्डन अवधेश शर्मा और एचआर कुणाल के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत एफआइआर दर्ज की है। पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम, 2015 का उद्देश्य 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों की सुरक्षा, देखभाल, पुनर्वास और अधिकारों की रक्षा करना है। इसकी धारा 75 के तहत बच्चे की देखरेख या नियंत्रण की जिम्मेदारी रखने वाला व्यक्ति यदि उसके साथ मारपीट, शारीरिक या मानसिक शोषण करता है, जानबूझकर उपेक्षा करता है अथवा ऐसा व्यवहार करता है जिससे उसे अनावश्यक पीड़ा पहुंचे, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है।इस धारा के तहत दोषी पाए जाने पर तीन साल तक की जेल, एक लाख रुपये तक जुर्माना या दोनों सजा का प्रावधान है।
शिक्षाविद नित्यानंद पांडे के अनुसार, यदि कोई बच्चा हॉस्टल में नहीं रहना चाहता तो सबसे पहले उसकी परेशानी समझनी चाहिए। घर की याद, पढ़ाई का दबाव, दूसरे बच्चों का व्यवहार या किसी तरह की प्रताड़ना इसकी वजह हो सकती है।उनका कहना है कि बच्चे को सजा देने, उठक-बैठक कराने या कमरे में बंद करने के बजाय उससे बातचीत करनी चाहिए। अभिभावकों को तुरंत सूचना देकर जरूरत पड़ने पर काउंसलर की मदद लेनी चाहिए। हॉस्टल बच्चों की देखभाल और शिक्षा का स्थान है, जेल नहीं।
बिरला ओपन माइंड्स स्कूल इससे पहले भी एक छात्र को 100 बार अपशब्द लिखवाने के मामले में चर्चा में आया था। शिकायत मिलने पर तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा ने स्कूल पहुंचकर जांच की थी। उस मामले में स्कूल प्रबंधन ने संबंधित शिक्षिका को बर्खास्त कर दिया था। अब हॉस्टल में छात्र के साथ हुई इस घटना ने एक बार फिर स्कूल के अनुशासन और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।