

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Network for the buying and selling of newborns spans 8 states; SIT engaged in the search for 26 children.
रायपुर। नवजात बच्चों की कथित खरीद-फरोख्त के मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआइटी) अब उन 26 बच्चों का पता लगाने में जुटी है, जिनके फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनाए जाने और सौदे किए जाने के सुराग मिले हैं। जांच में गिरोह का नेटवर्क छत्तीसगढ़ समेत आठ राज्यों तक फैला होने की जानकारी सामने आई है। इस अवैध कारोबार में 100 से अधिक दलालों की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है।एसआइटी ने आरोपितों की गिरफ्तारी और बच्चों की बरामदगी के लिए अलग-अलग राज्यों में टीमें भेजी हैं। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान कई अहम दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य खंगाले जा रहे हैं।
जांच में एक आइवीएफ सेंटर में काम करने वाली नर्स की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि वह ब्लड सैंपल लेने के बहाने निःसंतान दंपतियों की जानकारी जुटाती थी और फिर यह डाटा गिरोह के सदस्यों तक पहुंचाती थी। इसके आधार पर ऐसे परिवारों से संपर्क किया जाता था, जिन्हें बच्चा पाने के लिए तैयार किया जा सके। एसआइटी अब संबंधित नर्स की तलाश कर रही है।
पुलिस की टीमें छत्तीसगढ़ के अलावा तेलंगाना, कर्नाटक, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में जांच करेंगी। इन राज्यों में कथित दलालों के साथ उन परिवारों का भी पता लगाया जाएगा, जिन्होंने बच्चों को खरीदा हो सकता है।
मामले में निजी अस्पतालों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। गुढ़ियारी के एकता नगर स्थित श्री साई अस्पताल के रिकॉर्ड पुलिस जांच के दायरे में आए हैं। शिकायतकर्ता महिला की डिलीवरी इसी अस्पताल में कराई गई थी। इससे पहले दिवाकर अस्पताल का नाम भी सामने आया था। पुलिस को शहर के कुछ अन्य अस्पतालों में भी संदिग्ध डिलीवरी कराए जाने के साक्ष्य मिले हैं।एसआइटी अस्पतालों के रिकॉर्ड, नगर निगम के जन्म प्रमाणपत्रों और आरोपितों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल तथा वाट्सएप चैट की जांच कर रही है। इन सभी कड़ियों को जोड़कर 26 बच्चों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
इस मामले में लैब टेक्नीशियन कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव, गीतिका नाग, डा. खीर सिंधु महानंद, मेल स्टाफ नर्स प्रकाश कुमार कौरव, अश्वनी शर्मा और दलाल जितेंद्र खेतान को गिरफ्तार किया जा चुका है।
इस पूरे मामले का खुलासा ओडिशा के सुंदरगढ़ की 21 वर्षीय महिला की शिकायत के बाद हुआ। आरोप है कि कृतिका साहू ने महिला को मुफ्त इलाज और प्रसव कराने का भरोसा देकर रायपुर बुलाया था। चार नवंबर को डिलीवरी के बाद मां और नवजात को गोगांव में अहिल्या नामदेव के घर रखा गया।पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान महिला की सहमति के बिना नवजात को बेचने की कथित योजना बनाई गई। सौदे की रकम के बंटवारे को लेकर आरोपितों के बीच विवाद हुआ और हंगामा शुरू हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। इसी बीच पीड़ित महिला भी थाने पहुंची और उसने पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद मामले की जांच शुरू हुई।