

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Major crackdown on adulterated cheese in Raipur, 10 quintals of fake cheese seized and destroyed, two factories raided, production halted
रायपुर। राजधानी रायपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलावटी पनीर के कारोबार का खुलासा किया है। भाठागांव स्थित KLP Milk and Dairy Products Factory में अनियमितताएं पाए जाने के बाद उत्पादन पर तत्काल रोक लगा दी गई है और लाइसेंस सस्पेंड करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वहीं उरला स्थित SJ Milk and Dairy Products को नोटिस जारी किया गया है।
10 क्विंटल पनीर और एनालॉग ब्लॉक नष्ट
जांच के दौरान टीम ने करीब 540 किलो पनीर और 500 किलो एनालॉग ब्लॉक को नष्ट किया। कुल मिलाकर लगभग 10 क्विंटल से अधिक नकली और संदिग्ध डेयरी उत्पाद जब्त कर नष्ट किए गए। निरीक्षण में साफ-सफाई, उत्पादन प्रक्रिया और भंडारण में गंभीर खामियां सामने आईं।
क्या होता है एनालॉग पनीर
विशेषज्ञों के अनुसार एनालॉग पनीर असली दूध से नहीं बनाया जाता। इसे वनस्पति तेल, स्किम्ड मिल्क पाउडर और अन्य रसायनों से तैयार किया जाता है, जो देखने और स्वाद में पनीर जैसा लगता है, लेकिन यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।
मिलावट का बड़ा नेटवर्क, कई केस लंबित
विभागीय जानकारी के अनुसार पिछले एक वर्ष में अब तक 35 मामलों में जांच के दौरान लगभग 18,350 किलो मिलावटी पनीर जब्त कर नष्ट किया गया है। हालांकि इनमें से केवल 12 मामलों में ही एफआईआर दर्ज हो सकी है, जबकि कई मामलों की जांच अब भी लंबित है।
जांच में गंभीर अनियमितताएं उजागर
छापेमारी के दौरान फैक्ट्रियों से हानिकारक केमिकल, घटिया तेल, हाइड्रोक्लोरिक एसिड और स्किम्ड मिल्क पाउडर जैसी सामग्री भी बरामद की गई है। विशेषज्ञों ने इसे स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक बताया है।
कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
फूड सेफ्टी अधिकारियों की कमी के कारण जांच और कार्रवाई की रफ्तार धीमी बताई जा रही है। राजधानी में स्वीकृत पदों के मुकाबले बेहद कम अधिकारी कार्यरत होने से मामलों के निपटारे में देरी हो रही है।
स्वास्थ्य को लेकर चेतावनी
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि केवल भरोसेमंद स्रोतों से ही डेयरी उत्पाद खरीदें, क्योंकि मिलावटी पनीर गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है।