

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Big news: Vijay's oath-taking eclipsed, TVK embroiled in fake support letter controversy, Dinakaran arrives at the police station
चेन्नई। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे आए चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन राज्य में सरकार गठन को लेकर सस्पेंस अब भी बरकरार है। जहां पश्चिम बंगाल में सरकार का गठन हो चुका है और सुवेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ ले चुके हैं, वहीं तमिलनाडु में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी विजय की पार्टी TVK अभी तक सरकार नहीं बना पाई है।
108 सीटें जीतने के बावजूद TVK बहुमत के आंकड़े से दूर है और लगातार समर्थन जुटाने की कोशिशों में लगी हुई है। विजय लगातार राजभवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात कर रहे हैं, लेकिन सरकार गठन को लेकर तस्वीर साफ नहीं हो पा रही है।
फर्जी समर्थन पत्र का आरोप, दिनाकरन ने खोला मोर्चा
इसी बीच तमिलनाडु की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। टी. टी. वी. धिनकरन ने TVK पर अपनी पार्टी के समर्थन वाला फर्जी पत्र राज्यपाल को सौंपने का आरोप लगाया है।
दिनाकरन ने दावा किया कि उनकी पार्टी के विधायक एस कामराज की ओर से TVK के समर्थन में एक पत्र जारी किया गया था, लेकिन वह पत्र कथित तौर पर फर्जी तरीके से इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि उन्होंने राज्यपाल को असली पत्र दिखाया है, जो उन्हें एआईएडीएमके के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार एडप्पाडी के. पलानीस्वामी की ओर से मिला था।
दिनाकरन ने आरोप लगाया कि TVK ने उस पत्र की फर्जी फोटोकॉपी राज्यपाल को सौंपी। उन्होंने इसे “सीधी जालसाजी” बताते हुए कहा कि अब उनकी पार्टी आपराधिक शिकायत दर्ज कराएगी।
AIADMK गठबंधन ने भी पेश किया सरकार बनाने का दावा
दिनाकरन ने कहा कि एआईएडीएमके की अगुवाई वाला गठबंधन भी सरकार बनाने का दावा पेश करेगा। उन्होंने कहा कि अन्य दलों से समर्थन मांगने की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही राज्यपाल से मुलाकात कर औपचारिक दावा पेश किया जाएगा।
गुइंडी थाने पहुंचा मामला
विवाद बढ़ने के बाद दिनाकरन चेन्नई के गुइंडी थाने पहुंचे और TVK के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में TVK पर जालसाजी और फर्जी दस्तावेज इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया है। दूसरी ओर, विजय की पार्टी ने दिनाकरन के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
TVK ने जारी किया विधायक कामराज का वीडियो
TVK की ओर से जारी एक वीडियो में AMMK विधायक एस कामराज विजय को समर्थन देने की बात कहते नजर आ रहे हैं। वीडियो में कामराज यह भी कहते दिखाई दे रहे हैं कि TVK को समर्थन देने का फैसला दिनाकरन की सहमति से लिया गया था।
वीडियो जारी करते हुए TVK ने कहा कि पार्टी को किसी प्रकार की “बार्गेनिंग” या “नेगोशिएशन” की जरूरत नहीं है और उन्हें पर्याप्त समर्थन मिल रहा है।
पहले भी लगे थे खरीद-फरोख्त के आरोप
इससे पहले भी दिनाकरन ने विजय और उनकी पार्टी पर विधायकों की खरीद-फरोख्त की कोशिश करने का आरोप लगाया था। उन्होंने अपने इकलौते विधायक एस कामराज के “लापता” होने की शिकायत भी राज्यपाल से की थी।
हालांकि देर रात दिनाकरन कामराज को साथ लेकर फिर राजभवन पहुंचे और दावा किया कि राज्यपाल को सौंपा गया एआईएडीएमके समर्थन पत्र ही वैध और आधिकारिक दस्तावेज है।
तमिलनाडु में बढ़ा राजनीतिक असमंजस
तमिलनाडु में फिलहाल राजनीतिक स्थिति बेहद उलझी हुई नजर आ रही है। एक ओर TVK सबसे बड़ी पार्टी होने के दम पर सरकार बनाने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर AIADMK और AMMK गठबंधन भी समर्थन जुटाने में लगा है। फर्जी समर्थन पत्र के आरोपों ने राज्य की राजनीति को और अधिक गर्मा दिया है।