

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Himanta Biswa Sarma becomes Chief Minister of Assam for the second consecutive term, NDA government makes another strong start
गुवाहाटी। असम की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ गया है। हिमंता बिस्वा सरमा ने लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर इतिहास रच दिया। राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य ने गुवाहाटी के खानापारा वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही हिमंता सरमा असम के पहले गैर-कांग्रेसी नेता बन गए हैं, जिन्होंने लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद संभाला है।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई केंद्रीय मंत्री और बीजेपी-एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे। समारोह को लेकर पूरे असम में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
चार विधायकों ने भी ली मंत्री पद की शपथ
मुख्यमंत्री हिमंता सरमा के साथ चार विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें बीजेपी और सहयोगी दलों के नेता शामिल हैं। शपथ लेने वालों में रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और अजंता नियोग शामिल हैं।
चरण बोरो को फिर मिला मंत्रिमंडल में स्थान
बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) के वरिष्ठ नेता चरण बोरो ने मंत्री पद की शपथ ली। वे लगातार तीसरी बार माजबाट सीट से विधायक चुने गए हैं। भाजपा और बीपीएफ के गठबंधन को मजबूत बनाए रखने में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है। पिछले कार्यकाल में भी वे सरकार का हिस्सा रहे थे।
अजंता नियोग बनीं सरमा की भरोसेमंद सहयोगी
अजंता नियोग ने भी मंत्री पद की शपथ ली। वे लगातार छठी बार गोलाघाट सीट से विधायक बनी हैं। राजनीतिक जीवन की शुरुआत कांग्रेस से करने वाली अजंता नियोग बाद में भाजपा में शामिल हुईं और अब हिमंता सरकार की प्रमुख चेहरों में गिनी जाती हैं।
अतुल बोरा को फिर मिली जिम्मेदारी
असम गण परिषद (AGP) के अध्यक्ष अतुल बोरा ने भी मंत्री पद की शपथ ली। छात्र राजनीति से उभरकर बड़े नेता बने अतुल बोरा भाजपा नेतृत्व वाली पिछली सरकारों में भी कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। असम आंदोलन से जुड़े होने के कारण राज्य की राजनीति में उनका प्रभाव मजबूत माना जाता है।
रामेश्वर तेली को भी मिला मंत्रिमंडल में स्थान
जनजातीय समुदाय के प्रमुख नेता रामेश्वर तेली को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। वे केंद्र सरकार में खाद्य प्रसंस्करण और पेट्रोलियम मंत्रालय में राज्य मंत्री की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
असम में NDA की प्रचंड जीत
असम विधानसभा चुनाव 2026 में बीजेपी नेतृत्व वाले एनडीए ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। 126 सदस्यीय विधानसभा में एनडीए ने कुल 102 सीटों पर कब्जा जमाया। इनमें बीजेपी ने अकेले 82 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया, जबकि सहयोगी दल एजीपी और बीपीएफ ने 10-10 सीटें जीतीं।
यह असम में एनडीए की लगातार तीसरी सरकार है। राज्य में 2016 में सरबानंदा सोनोवाल के नेतृत्व में बीजेपी ने पहली बार सत्ता हासिल की थी, जिसके बाद हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में पार्टी ने अपनी पकड़ और मजबूत की है।