

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

PM Modi meets families of West Bengal violence victims; memorial built in memory of 300 victims
कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीतिक हिंसा में मारे गए भाजपा कार्यकर्ताओं के परिजनों से मुलाकात की। पीएम मोदी ने देबासिस मंडल, सौमित्र घोषाल और आनंद पॉल के परिवारों से बातचीत कर उन्हें सांत्वना दी। इस मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें प्रधानमंत्री परिवारों के दुख में सहभागी होते नजर आए।
300 मृतकों की याद में बनाया गया स्मारक
ब्रिगेड परेड ग्राउंड में राजनीतिक हिंसा में जान गंवाने वाले 300 लोगों की स्मृति में एक विशेष स्मारक तैयार किया गया। इस स्मारक पर मृतकों के नाम और उनके क्षेत्रों का उल्लेख बांग्ला भाषा में किया गया है। कार्यक्रम से पहले पीएम मोदी ने स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह स्मारक उन कार्यकर्ताओं के संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है, जिन्होंने बंगाल में पार्टी की मजबूती के लिए अपनी जान गंवाई।
चन्द्रनाथ रथ का नाम नहीं होने पर चर्चा
स्मारक में कई नाम शामिल किए गए हैं, लेकिन शुभेंदु अधिकारी के पीए चन्द्रनाथ रथ का नाम इसमें नहीं होने की चर्चा भी रही। भाजपा नेताओं के अनुसार, चन्द्रनाथ रथ भारतीय वायुसेना से जुड़े थे और उन्हें पार्टी कार्यकर्ता की श्रेणी में शामिल नहीं किया गया। हालांकि उनकी हत्या को लेकर राजनीतिक विवाद जारी है और मामले की जांच पुलिस कर रही है।
कार्यक्रम में लगे जय श्री राम के नारे
स्मारक स्थल पर भाजपा समर्थकों ने “जय श्री राम” के नारे लगाए। मंच से वक्ताओं ने कहा कि “सनातन संस्कृति को खत्म करने की कोशिश की गई, लेकिन भाजपा सबका साथ और सबका विकास के साथ आगे बढ़ेगी।” नेताओं ने यह भी कहा कि हिंसा में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जाएगा।
हिंसा और राजनीति पर फिर गरमाया माहौल
भाजपा समर्थकों का आरोप है कि पश्चिम बंगाल में हर चुनाव के बाद राजनीतिक हिंसा होती रही है। इस बार भाजपा की जीत के बाद भी हिंसा की घटनाएं सामने आईं। शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी की हत्या का उल्लेख करते हुए समर्थकों ने इसे सुनियोजित हमला बताया। पार्टी नेताओं ने कहा कि पुलिस जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।