

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Latest News: 163 children were taken off the train at Katni station, 8 arrested on charges of human trafficking.
कटनी। कटनी रेलवे स्टेशन पर रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जीआरपी पुलिस ने ट्रेन रोककर 163 बच्चों को संरक्षण में लिया। ये सभी बच्चे बिहार के अररिया जिले के बताए जा रहे हैं, जिन्हें महाराष्ट्र और कर्नाटक ले जाया जा रहा था।
मानव तस्करी का मामला दर्ज, 8 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में 8 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें सद्दाम, अमान उल्ला, मो. जाहिर, आमिर खान, हाफिज अबू तालिम, मो. इस्लाम, नौसाद और राशिद शामिल हैं। इनके खिलाफ बाल कल्याण समिति की शिकायत पर मानव तस्करी का केस दर्ज किया गया है।
आईबी की एंट्री, जांच में जुटी एजेंसियां
मामले की गंभीरता को देखते हुए इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) की टीम भी जांच में शामिल हो गई है। सोमवार को आईबी के अधिकारियों ने आरोपितों से पूछताछ की और पूरे नेटवर्क को खंगालने की कोशिश की।
मदरसों में भेजे जा रहे थे बच्चे, जांच में कई सवाल
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चों को महाराष्ट्र, कर्नाटक और गुजरात के मदरसों में भेजा जा रहा था। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि जब बिहार में ही बड़े मदरसे मौजूद हैं, तो बच्चों को दूसरे राज्यों में क्यों भेजा जा रहा था। इस सवाल का स्पष्ट जवाब न तो आरोपित दे पा रहे हैं और न ही बच्चों के अभिभावक।
अभिभावकों ने धार्मिक शिक्षा के लिए भेजने की कही बात
कटनी जीआरपी ने बच्चों के माता-पिता को पूछताछ के लिए बुलाया। अब तक चार अभिभावक कटनी पहुंच चुके हैं। उन्होंने अपने बयान में कहा कि बच्चों को धार्मिक शिक्षा के लिए मदरसों में भेजा जा रहा था।
7 से 15 वर्ष उम्र के बच्चे, काउंसलिंग जारी
ट्रेन से उतारे गए बच्चों की उम्र 7 से 15 वर्ष के बीच है। सभी बच्चों को बाल संरक्षण गृहों में रखा गया है, जहां उनकी काउंसलिंग कराई जा रही है। फिलहाल बच्चों को कटनी और जबलपुर के संरक्षण गृहों में रखा गया है।
पुलिस जुटी है पूरे नेटवर्क की जांच में
जीआरपी थाना प्रभारी एलपी कश्यप के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।