

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

19 deaths in Nagaland suspected to be caused by toxic liquor; panic ensues; 19 arrested, 3,000 bottles seized.
नागालैंड। नागालैंड में संदिग्ध जहरीली या मिलावटी शराब पीने से 19 लोगों की मौत के बाद प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया है। पिछले दो दिनों में मोकोकचुंग और तुएनसांग जिलों से मौतों के मामले सामने आए हैं। शुरुआती आशंका है कि मृतकों ने अवैध या मिलावटी शराब का सेवन किया था। हालांकि, मौतों की वास्तविक वजह की पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस के मुताबिक, मोकोकचुंग जिले में 8 लोगों की मौत हुई है, जबकि तुएनसांग जिले में 11 लोगों की जान गई है। दोनों जिलों में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं और संदिग्ध शराब के सेवन से प्रभावित लोगों की निगरानी की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वेसुप्रा केजो के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आई. बंगलांग चांग को SIT का नेतृत्व सौंपा गया है।
SIT संदिग्ध शराब के स्रोत, उसकी सप्लाई चेन और मौतों के पीछे की वजह की जांच करेगी। पुलिस ने संदिग्ध शराब के नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए गुवाहाटी भेजे हैं।
जांच के दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की है। कार्रवाई में 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि करीब 3,000 शराब की बोतलें जब्त की गई हैं।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान कुछ अहम सुराग भी मिले हैं। हालांकि, जांच प्रभावित न हो, इसलिए इन सुरागों से जुड़ी विस्तृत जानकारी फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।
नागालैंड में 1990 से शराबबंदी कानून लागू है। इसके बावजूद अवैध शराब की बिक्री और सप्लाई की आशंका प्रशासन के लिए बड़ी चिंता बन गई है। पुलिस अब कथित अवैध शराब नेटवर्क से जुड़े लोगों और सप्लाई चैन का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस ने लोगों से बिना लेबल वाली या अज्ञात स्रोत से मिली शराब का सेवन नहीं करने की अपील की है। शराब पीने के बाद चक्कर आना, धुंधला दिखाई देना, सांस लेने में परेशानी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तत्काल अस्पताल पहुंचने की सलाह दी गई है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौतों की वजह वास्तव में जहरीली या मिलावटी शराब थी या कोई अन्य कारण।