

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

22-year-old woman's body found on the roof of Bafna House in Jagdalpur, mother suspects murder
जगदलपुर। शहर के मुख्य मार्ग स्थित बाफना हाउस की छत पर 22 वर्षीय युवती का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान दंतेश्वरी वार्ड के बैला बाजार निवासी दीपा सागर के रूप में हुई है। वह रविवार शाम से लापता थी। घटना के बाद उसकी मां ने आत्महत्या की आशंका को खारिज करते हुए हत्या किए जाने का संदेह जताया है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, दीपा ने करीब 10 दिन पहले पूर्व विधायक और भाजपा नेता संतोष बाफना के परिवार के प्रतिष्ठान बाफना हाउस में काम करना शुरू किया था। रविवार शाम वह दुकान से निकल गई थी। रात में उसकी एक सहकर्मी मोबाइल फोन लेकर घर पहुंची और परिजनों को बताया कि दीपा अपना फोन दुकान में ही भूल गई है।इसके बाद परिजन रात में प्रतिष्ठान पहुंचे, लेकिन उस समय दुकान बंद थी। सोमवार सुबह उन्होंने कोतवाली थाने में इसकी सूचना दी। पुलिस परिजनों को साथ लेकर प्रतिष्ठान पहुंची और तलाश शुरू की।
पुलिस ने प्रतिष्ठान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें दीपा छत की ओर जाती दिखाई दी, लेकिन वापस नीचे आते हुए नजर नहीं आई। इसके बाद पुलिस ने इमारत की तलाशी ली। सबसे ऊपरी मंजिल की छत पर उसका शव फंदे से लटका मिला।
घटना के बाद मृतका की मां मुन्नी सागर और मोहल्ले के लोगों ने युवती के हाथों पर खरोंच के निशान होने की बात कही। परिजनों का संदेह है कि दीपा के साथ संघर्ष हुआ होगा और उसकी हत्या करने के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया होगा। इसी आधार पर उन्होंने पुलिस से मामले की गहराई से जांच कराने की मांग की है।
कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के अनुसार, पोस्टमार्टम के दौरान दीपा के कपड़ों में रखा एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने अपनी मौत के लिए किसी व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराने की बात लिखी है। पुलिस इस नोट को जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा मानकर मामले की पड़ताल कर रही है।
दूसरी ओर, मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि मामला प्रभावशाली राजनीतिक परिवार के प्रतिष्ठान से जुड़ा होने के कारण जांच की दिशा प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने पुलिस पर गलत प्रेस नोट जारी कर घटना को अलग रूप देने का आरोप भी लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।न्याय और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर परिजनों तथा स्थानीय लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन कर जाम लगाया। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। अब कॉल रिकॉर्ड और चैट की जांच की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े घटनाक्रम और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।