

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर अटल नगर में 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। करीब 11 साल के लंबे अंतराल के बाद छत्तीसगढ़ इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन राज्यपाल रमेन डेका ने दीप प्रज्वलित कर किया।
‘Chhattisgarh Local Body Election Year Book–2026’ का विमोचन
शुभारंभ समारोह के दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने ‘Chhattisgarh Local Body Election Year Book–2026’ के प्रथम संस्करण का विमोचन किया। यह प्रकाशन छत्तीसगढ़ में स्थानीय निकाय निर्वाचन की प्रक्रिया, उपलब्धियों, नवाचारों और चुनावी व्यवस्थाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी को दस्तावेज के रूप में प्रस्तुत करता है।

स्थानीय चुनावों को पारदर्शी और तकनीक-सक्षम बनाने पर जोर
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने स्थानीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक सशक्त, पारदर्शी, समावेशी और तकनीक-सक्षम बनाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने में स्थानीय स्वशासी संस्थाओं की अहम भूमिका है। ऐसे में चुनावी प्रक्रिया में लगातार सुधार और आधुनिक तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल जरूरी है।
देशभर से पहुंचे निर्वाचन आयुक्त और विशेषज्ञ
कार्यक्रम में राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने देशभर से सम्मेलन में पहुंचे राज्य निर्वाचन आयुक्तों, वरिष्ठ अधिकारियों और निर्वाचन विशेषज्ञों का स्वागत किया। उन्होंने सम्मेलन के उद्देश्यों और स्थानीय निकाय चुनावों को अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव विकास शील ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने स्थानीय स्वशासन, निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावी बनाने और प्रशासन तथा निर्वाचन संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय के महत्व पर अपने विचार रखे।
डिजिटल तकनीक और चुनावी नवाचारों पर चर्चा
सम्मेलन के दौरान स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों से जुड़े समसामयिक विषयों पर चर्चा हो रही है। इसमें डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग, निर्वाचन प्रबंधन में नवाचार, पारदर्शिता और चुनावी प्रक्रियाओं को आसान एवं प्रभावी बनाने जैसे मुद्दे प्रमुख हैं।
कार्यक्रम में राज्य निर्वाचन आयुक्तों की स्थायी समिति के अध्यक्ष विजय देव ने भी अपने विचार रखे। स्थायी समिति के संयोजक सुधांशु पांडे ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह, आयोग की सचिव शिखा राजपूत तिवारी समेत आयोग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
17 सितंबर को होगा स्टैंडिंग कमिटी का बैठक
दो दिवसीय सम्मेलन के दूसरे दिन 17 सितंबर को छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय, नवा रायपुर अटल नगर में स्टैंडिंग कमिटी की बैठक आयोजित होगी। इसके बाद नया रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी की ओर से कैपिटल सिटी, नया रायपुर के निर्माण और विकास पर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा।
इसके बाद सम्मेलन में शामिल अतिथियों को नया रायपुर के प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इस दौरान छत्तीसगढ़ विधानसभा, छत्तीसगढ़ आदिवासी संग्रहालय और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का दौरा भी शामिल है।
दो दिवसीय यह सम्मेलन देश में स्थानीय लोकतंत्र को मजबूत करने, निर्वाचन व्यवस्था में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने और अलग-अलग राज्यों के अनुभवों एवं नवाचारों को साझा करने के लिए महत्वपूर्ण मंच के रूप में आयोजित किया जा रहा है।