

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: 50 lakh rupees embezzlement case exposed in Raipur, 7 accused including driver arrested
रायपुर। राजधानी रायपुर में 50 लाख रुपये के गबन मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस केस में मुख्य आरोपी ड्राइवर कृष्णा साहू सहित कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 49 लाख 50 हजार रुपये नकद, एक एमजी विंडसर कार और वारदात में इस्तेमाल की गई वर्ना कार जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 66.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
ड्राइवर ही निकला मास्टरमाइंड
पुलिस जांच में सामने आया कि इस पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड खुद ड्राइवर कृष्णा साहू था। उसने अपने रिश्तेदारों और साथियों के साथ मिलकर पहले से पूरी साजिश रची और योजनाबद्ध तरीके से घटना को अंजाम दिया।
गुटखा लेने के बहाने रची वारदात
शिकायतकर्ता अखिलेश ने थाना खम्हारडीह में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना 25 अप्रैल 2026 की है, जब कंपनी के ड्राइवर कृष्णा साहू और अकाउंटेंट भूपेंद्र देवांगन करीब 50 लाख रुपये लेकर बैंक गए थे। बैंक बंद होने के कारण वे वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गीतांजलि नगर स्थित भारत माता मूर्ति के पास ड्राइवर ने गुटखा लेने के बहाने अकाउंटेंट को कार से उतार दिया और मौके का फायदा उठाकर नकदी सहित फरार हो गया।
CCTV और तकनीकी जांच से मिली सफलता
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर और पुलिस उपायुक्त (क्राइम) स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खम्हारडीह पुलिस ने मिलकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रैक की। लगातार दबिश और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
रिश्तेदारों में बांट दिए थे पैसे
पूछताछ में कृष्णा साहू ने खुलासा किया कि उसने पहले से अपने साथियों के साथ योजना बनाई थी और गबन की रकम को आपस में बांट लिया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णा साहू, कन्हैया राणा, सविता साहू, भुनेश्वर साहू, ओम प्रकाश साहू, विष्णु प्रसाद पटेल और टीकम पटेल शामिल हैं।
मामले में आगे भी जांच जारी
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 136/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जाएगी।