

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: 700 posts will be filled in Chhattisgarh government colleges, including 625 assistant professor posts.
रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय महाविद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। सीएम विष्णुदेव साय की पहल पर उच्च शिक्षा विभाग ने विभिन्न शैक्षणिक पदों पर कुल 700 नियुक्तियां करने की प्रक्रिया प्रारंभ की है।
इन पदों में सहायक प्राध्यापक के 625 पद, ग्रंथपाल के 50 पद और क्रीड़ा अधिकारी के 25 पद शामिल हैं। विभाग ने भर्ती के लिए आरक्षण रोस्टर और विषयवार रिक्तियों का निर्धारण करते हुए विस्तृत रोस्टर ब्रेक-अप भी तैयार कर लिया है। भर्ती प्रक्रिया पूरी कराने के लिए विभाग ने 24 फरवरी 2026 को विस्तृत जानकारी के साथ प्रस्ताव छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को भेज दिया है।
विषयवार पदों का निर्धारण
जानकारी के अनुसार सहायक प्राध्यापक के तहत हिंदी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, राजनीति शास्त्र, भौतिक शास्त्र, गणित, रसायन शास्त्र, वनस्पति शास्त्र और प्राणीशास्त्र के 50-50 पद भरे जाएंगे। इसके अलावा अर्थशास्त्र, इतिहास और भूगोल के 25-25 पद, कंप्यूटर एप्लीकेशन के 15 पद, वाणिज्य के 75 पद और विधि के 10 पदों पर भर्ती की जाएगी। साथ ही क्रीड़ा अधिकारी के 25 पद और ग्रंथपाल के 50 पद भी भरे जाएंगे।
जल्द जारी होगा विज्ञापन
उच्च शिक्षा विभाग ने इन पदों के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, भर्ती नियम, श्रेणीवार पदों की संख्या, परीक्षा का पाठ्यक्रम और विज्ञापन प्रारूप भी आयोग को भेज दिया है। प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आयोग द्वारा भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जाएगा, जिसके बाद योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।
अतिथि शिक्षकों से चल रही व्यवस्था
सरकारी कॉलेजों में शिक्षण कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए विभाग ने स्वीकृत पदों के विरुद्ध अतिथि प्राध्यापकों की नियुक्ति की व्यवस्था भी लागू कर रखी है। यह व्यवस्था सहायक प्राध्यापक, प्राध्यापक, ग्रंथपाल और क्रीड़ा अधिकारी के पदों पर भी लागू है। विभाग के अनुसार अधिकांश अतिथि शिक्षक पीएचडी, नेट और सेट जैसी पात्रता परीक्षाओं से योग्य हैं और वे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।