

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

8th Pay Commission: Demand for a salary hike of up to ₹51,000 for central government employees; minimum basic salary could reach ₹69,000.
नई दिल्ली। आठवें वेतन आयोग (8th Pay Commission) को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों में उम्मीदें बढ़ गई हैं। कर्मचारी संगठनों की ओर से सरकार के सामने फिटमेंट फैक्टर बढ़ाकर 3.83 करने की प्रमुख मांग रखी गई है। यदि सरकार इस मांग को मंजूरी देती है, तो कर्मचारियों की न्यूनतम बेसिक सैलरी मौजूदा 18,000 रुपए से बढ़कर करीब 69,000 रुपए हो सकती है। हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक फिटमेंट फैक्टर और नई सैलरी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
आठवें वेतन आयोग से कर्मचारियों को सबसे बड़ी उम्मीद फिटमेंट फैक्टर में बढ़ोतरी की है। कर्मचारी संगठनों ने इसे 3.83 करने का सुझाव दिया है। फिटमेंट फैक्टर वह गुणांक होता है, जिसके आधार पर कर्मचारियों की मौजूदा बेसिक सैलरी को संशोधित करके नया वेतन निर्धारित किया जाता है। इसमें बढ़ोतरी होने से कर्मचारियों की बेसिक सैलरी और पेंशन में बड़ा बदलाव हो सकता है।
वर्तमान में सातवें वेतन आयोग के तहत केंद्रीय कर्मचारियों को 2.57 का फिटमेंट फैक्टर दिया गया है। इसके आधार पर न्यूनतम बेसिक सैलरी 7,000 रुपए से बढ़ाकर 18,000 रुपए की गई थी। अब यदि आठवें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 3.83 लागू होता है, तो इसका गणित कुछ इस तरह होगा।
- मौजूदा न्यूनतम बेसिक सैलरी: 18,000 रुपए
- प्रस्तावित फिटमेंट फैक्टर: 3.83
- नई संभावित बेसिक सैलरी: 68,940 रुपए
- संभावित बढ़ोतरी: 50,940 रुपए
इस हिसाब से कर्मचारियों की न्यूनतम बेसिक सैलरी में करीब 51 हजार रुपए की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, यह कर्मचारी संगठनों की मांग पर आधारित अनुमान है, अंतिम फैसला सरकार करेगी।
देश में अब तक सात वेतन आयोग लागू हो चुके हैं। हर वेतन आयोग के साथ सरकारी कर्मचारियों के वेतन ढांचे में बदलाव किया गया है।
पहला वेतन आयोग: वर्ष 1946 में गठित पहले वेतन आयोग ने सरकारी कर्मचारियों का न्यूनतम मूल वेतन 55 रुपए और अधिकतम वेतन 2,000 रुपए प्रति माह निर्धारित किया था।
दूसरा वेतन आयोग: वर्ष 1959 में लागू दूसरे वेतन आयोग के बाद न्यूनतम मूल वेतन 55 रुपए से बढ़कर 80 रुपए प्रति माह हो गया। वहीं अधिकतम वेतन 3,000 रुपए निर्धारित किया गया।
सातवां वेतन आयोग: वर्ष 2016 में लागू सातवें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 2.57 रखा गया। इसके चलते कर्मचारियों की न्यूनतम बेसिक सैलरी 7,000 रुपए से बढ़कर 18,000 रुपए और अधिकतम बेसिक सैलरी 2.5 लाख रुपए प्रति माह हो गई।
आठवें वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को किया गया था। आयोग को अपनी सिफारिशें तैयार कर सरकार को सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। निर्धारित समयसीमा के अनुसार, आयोग की रिपोर्ट मई-जून 2027 के आसपास पेश होने की संभावना है। इसके बाद केंद्र सरकार रिपोर्ट की समीक्षा करेगी और अपनी मंजूरी के आधार पर वेतन संशोधन लागू करने का फैसला लेगी।
आठवें वेतन आयोग को लेकर कर्मचारी संगठनों के साथ अलग-अलग शहरों में बैठकें की जा चुकी हैं। इनमें वेतन, पेंशन और भत्तों में संशोधन से संबंधित सुझाव और मांगें रखी गई हैं। फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों की नजरें सरकार के अगले फैसले पर टिकी हैं। फिटमेंट फैक्टर 3.83 की मांग स्वीकार होती है या नहीं, यह आयोग की सिफारिशों और सरकार के अंतिम निर्णय के बाद ही स्पष्ट होगा।