

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Goldy Brar: Gangster Goldy Brar tops Canada’s most-wanted list; a reward of 1.63 crore offered for his arrest
नई दिल्ली। भारत के कई आपराधिक मामलों में वांछित गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की मुश्किलें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती नजर आ रही हैं। कनाडा के BOLO प्रोग्राम और विनिपेग पुलिस ने उसे देश के 25 सबसे वांछित भगोड़ों की नई सूची में पहले स्थान पर रखा है। गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली पुख्ता जानकारी देने वाले व्यक्ति को 2.5 लाख कनाडाई डॉलर यानी करीब 1.63 करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। इस घटनाक्रम के बाद गोल्डी बराड़ पर कनाडा से लेकर अमेरिका तक की जांच एजेंसियों का दबाव बढ़ गया है।
कनाडाई पुलिस को गोल्डी बराड़ की तलाश 20 सितंबर 2023 को विनिपेग में हुई सुखदूल सिंह गिल उर्फ सुक्खा दुनेके की हत्या के मामले में है। पुलिस के मुताबिक, उसकी गिरफ्तारी में मददगार विश्वसनीय जानकारी देने वाले व्यक्ति को घोषित इनाम दिया जाएगा। यह इनाम 2 नवंबर 2027 तक मान्य रहेगा। कनाडा की मोस्ट वांटेड सूची में पहला स्थान मिलने से उसकी तलाश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्राथमिकता मिल गई है।
गोल्डी बराड़ की तलाश केवल कनाडा तक सीमित नहीं है। अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने भी उसे अपनी टॉप-10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल किया है। FBI ने उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी देने वाले के लिए 10 लाख अमेरिकी डॉलर तक का इनाम घोषित किया है। इसके अलावा, इंटरपोल भी गोल्डी बराड़ के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर चुका है। इससे साफ है कि उसकी तलाश में कई अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां सक्रिय हैं।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, भारत से फरार होने के बाद गोल्डी बराड़ लंबे समय तक कनाडा में रहा और बाद में अमेरिका चला गया। बताया जाता है कि लॉरेंस बिश्नोई से अलग होने के बाद उसने रोहित गोदारा के साथ मिलकर अपना गैंग चलाना शुरू किया। हालांकि, उसकी मौजूदा लोकेशन को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गोल्डी बराड़ के खिलाफ भारत में भी जांच एजेंसियों की कार्रवाई जारी है। जून 2024 में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने चंडीगढ़ में दर्ज रंगदारी के एक मामले में गोल्डी बराड़ और उसके सहयोगी गोल्डी ढिल्लों पर 10-10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। अब कनाडा में 1.63 करोड़ रुपये और अमेरिका में 10 लाख डॉलर के इनाम की घोषणा के बीच गोल्डी बराड़ की तलाश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेज हो गई है।