

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Gold-Silver Price: Significant drop in gold and silver prices; gold has become cheaper by ₹12,000 and silver by ₹24,000 over the last 7 days find out if this is the right time to buy.
नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट का दौर जारी है। पिछले 7 कारोबारी दिनों में सोना करीब 12 हजार रुपए और चांदी लगभग 24 हजार रुपए सस्ती हो चुकी है। गुरुवार को भी दोनों कीमती धातुओं के भाव में गिरावट दर्ज की गई। इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 1,179 रुपए घटकर 1.30 लाख रुपए से नीचे आ गई। वहीं, एक किलो चांदी का भाव 2,158 रुपए गिरकर 1.62 लाख रुपए पर पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिकी डॉलर मजबूत होने और ऊंची कीमतों पर बड़े निवेशकों की ओर से सोना-चांदी बेचने के कारण इनकी कीमतों पर दबाव बना हुआ है। निवेशकों की मुनाफावसूली और वैश्विक बाजार में मांग-सप्लाई के बदलाव का असर भी सोने-चांदी के भाव पर दिखाई दे रहा है।
इस साल सोने और चांदी की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। चांदी 31 दिसंबर 2025 को 2.30 लाख रुपए प्रति किलो थी, जो 29 जनवरी को बढ़कर 3.80 लाख रुपए के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई थी। इसके बाद कीमतों में भारी गिरावट आई है।
इसी तरह, 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 1.33 लाख रुपए था, जो 29 जनवरी को बढ़कर 1.76 लाख रुपए के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। इसके बाद से सोने की कीमतों में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
1. अमेरिकी डॉलर की मजबूती: डॉलर मजबूत होने से दूसरे देशों के लिए सोना खरीदना महंगा हो जाता है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की मांग प्रभावित होती है और कीमतों में गिरावट आ सकती है।
2. ब्याज दरों का असर: अमेरिका में ब्याज दरें ऊंची रहने पर निवेशक सोने के बजाय बॉन्ड और बैंक डिपॉजिट जैसे विकल्पों में निवेश करना पसंद करते हैं। इससे सोने की मांग कम हो सकती है।
3. बड़े निवेशकों की मुनाफावसूली: जब सोने की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाती हैं, तो बड़े निवेशक मुनाफा कमाने के लिए सोने की बिकवाली शुरू कर देते हैं। इससे बाजार में कीमतों पर दबाव बढ़ता है।
1. औद्योगिक मांग में कमी: इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल और फैक्ट्रियों में चांदी का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है। औद्योगिक गतिविधियों में सुस्ती आने से इसकी मांग प्रभावित हो सकती है।
2. वैश्विक सप्लाई में बढ़ोतरी: खदानों से उत्पादन बढ़ने या बाजार में चांदी की उपलब्धता अधिक होने पर इसकी कीमतों में गिरावट का दबाव बनता है।
3. सोने की कीमतों में गिरावट: अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की कीमतें अक्सर सोने की चाल से प्रभावित होती हैं। सोने के भाव गिरने पर चांदी में भी बिकवाली बढ़ सकती है।
देश के अलग-अलग शहरों में सोने की कीमत एक जैसी नहीं होती। इसके पीछे कई स्थानीय कारण जिम्मेदार होते हैं।
ट्रांसपोर्टेशन और सिक्योरिटी खर्च: एक शहर से दूसरे शहर सोना पहुंचाने में परिवहन और सुरक्षा का खर्च जुड़ता है।
खरीदारी की मात्रा: दक्षिण भारत में सोने की खपत अधिक होने के कारण ज्वेलर्स बड़ी मात्रा में खरीदारी करते हैं।
लोकल ज्वेलरी एसोसिएशन: स्थानीय मांग और सप्लाई के आधार पर अलग-अलग शहरों और राज्यों में रेट तय हो सकते हैं।
पुराना स्टॉक और खरीद मूल्य: ज्वेलर्स ने सोना किस कीमत पर खरीदा है, इसका असर भी ग्राहकों को मिलने वाले भाव पर पड़ता है।
कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया के मुताबिक, मौजूदा स्थिति में निवेशकों को एक साथ बड़ी रकम लगाने के बजाय किस्तों में सोना-चांदी खरीदना चाहिए। खरीदारी को अलग-अलग हिस्सों में बांटना बेहतर रणनीति हो सकती है। इसके लिए कुछ खरीदारी अभी और बाकी रकम 15 से 20 दिनों के अंतराल पर लगाई जा सकती है।
एक्सपर्ट के अनुसार, निवेश के लिए एक-दो महीने की बजाय 6 महीने से एक साल तक का नजरिया रखना चाहिए। हालांकि, बाजार में उतार-चढ़ाव को देखते हुए निवेश से पहले अपनी जोखिम क्षमता का आकलन करना जरूरी है।
1. BIS हॉलमार्क वाला सोना खरीदें: ज्वेलरी खरीदते समय हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क जरूर जांचें। हॉलमार्क से सोने की शुद्धता और कैरेट की जानकारी मिलती है।
2. कीमत और वजन की जांच करें: सोना खरीदने से पहले IBJA समेत विश्वसनीय स्रोतों से उस दिन का भाव जरूर जांचें। 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने की कीमत अलग-अलग होती है। बिल में वजन, मेकिंग चार्ज और अन्य शुल्क भी ध्यान से देखें।
1. मैग्नेट टेस्ट: असली चांदी सामान्य चुंबक से आकर्षित नहीं होती। हालांकि, केवल इस जांच के आधार पर चांदी की शुद्धता तय नहीं की जा सकती।
2. आइस टेस्ट: चांदी की ऊंची तापीय चालकता के कारण उस पर रखी बर्फ तेजी से पिघल सकती है।
3. स्मेल टेस्ट: शुद्ध चांदी में सामान्य तौर पर कोई खास धातु जैसी गंध नहीं होती। हालांकि, गंध से असली-नकली की पक्की पहचान नहीं की जा सकती।
4. क्लॉथ टेस्ट: चांदी को सफेद कपड़े से रगड़ने पर काला निशान आ सकता है। यह चांदी के ऑक्सीकरण का संकेत हो सकता है, लेकिन इसकी पुष्टि के लिए अन्य जांच जरूरी है।