

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

A network of 6.6 lakh youths has now been established under the plan to connect young people to the 'My Bharat' digital platform.
छत्तीसगढ़ में युवाओं को अब विकास के एजेंडे से सीधे जोड़ने की तैयारी है। मेरा युवा भारत यानि माय भारत के डिजिटल प्लेटफॉर्म से अबतक प्रदेश के 6 लाख 60 हजार से अधिक युवा जुड़ चुके हैं। अब इस संख्या को सिर्फ ऑनलाइन पंजीकरण तक सीमित न रखते हुए गांव से लेकर राज्य स्तर तक युवाओं का सक्रिय नेटवर्क तैयार करने पर फोकस किया जा रहा है। इसके तहत खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, कृषि, पर्यटन, पर्यावरण और सामाजिक सेवा जैसे क्षेत्रों में युवाओं को जिम्मेदारी और भागादारी के अवसर दिए जाएंगे।
इसी योजना के तहत प्रदेश में विकसित छत्तीसगढ़ यंग लीडर्स डायलॉग आयोजित करने की तैयारी है। यह पहल विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग की तर्ज पर होगी। इसका उद्देश्य युवाओं से सीधे संवाद कर उनसे विकास से जुड़े विचार और सुझाव लेना और नेतृत्व क्षमता वाले युवाओं को आगे लाना है। माय भारत डिजिटल प्लेटफॉर्म को युवाओं और शासन के बीच सिंगल विंडो प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां स्वयंसेवा, अनुभव आधारित शिक्षण, कौशल विकास, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जुड़े अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। देशभर में अब तक 24900 से अधिक एक्सपीरियेंशियल लर्निंग प्रोग्राम हो चुके हैं। इनमें 1 लाख 21 हजार से अधिक युवाओं को व्यावहारिक अनुभव मिला है।
मेरा युवा भारत की संगठनात्मक संरचना के तहत मुख्यालय के साथ-साथ सभी राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों में जिला कार्यालय और युवा क्लब में माय भारत स्वयंसेवकों की व्यवस्था की गई है। इसी नेटवर्क के माध्यम से ग्राम स्तर से राज्य स्तर तक युवाओं को विभिन्न गतिविधियों और अवसरों से जोड़ा जा रहा है। छत्तीसगढ़ में भी युवाओं को गैर-राजनीतिक, सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोड़ दिया जा रहा है।
आपको बता दें, कि माय भारत प्लेटफॉर्म पर युवाओं के पंजीकरण के मामले में पूरे देश में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है। यूपी में कुल 25 लाख 6 हजार युवा पोर्टल से जुड़ चुके हैं। इसके बाद राजस्थान में 20 लाख 39 हजार, महाराष्ट्र में 15 लाख 18 हजार, तमिलनाडु में 15 लाख 2 हजार और मध्य प्रदेश में कुल 14 लाख 32 हजार युवाओं ने पंजीयन कराया है। इसके बाद गुजरात, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में भी पंजीकृत युवकों की संख्या अधिक है। माय भारत पर पंजीयन के मामले में छत्तीसगढ़ का प्रदर्शन भी अच्छा है। पूरे देश में यह 11वें नंबर पर है। अबतक पूरे देश में 2 करोड़ 45 लाख से अधिक युवा इस प्लेटफॉर्म पर पंजीकृत हैं। आपको यह भी बता दें, कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 31 अक्टूबर 2023 को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर माय भारत पोर्टल की शुरुआत की थी।