

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Theft of jewelry worth ₹1 crore in Sitapur solved; accused arrested from Odisha.
सरगुजा। सीतापुर थाना क्षेत्र में करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की उठाईगिरी के मामले में सरगुजा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ओडिशा के गंजाम जिले से गिरोह के एक आरोपी दास नागेश्वर (45) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस इससे पहले मामले में करीब 46 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर चुकी है।
मामला 26 जुलाई 2026 का है। सीतापुर हाईस्कूल के पास कांशी विश्वनाथ ज्वेलर्स संचालित करने वाले व्यवसायी अरुणदेव सोनी अपनी स्कूटी से ज्वेलरी का बैग लेकर दुकान पहुंचे थे। उन्होंने दुकान के बाहर स्कूटी पर बैग रखा और शटर खोलने लगे। इसी दौरान अज्ञात आरोपी स्कूटी के सामने रखा आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
बैग में रखे सोने-चांदी के आभूषणों की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई थी। शिकायत के आधार पर थाना सीतापुर में अपराध क्रमांक 296/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। साइबर सेल अंबिकापुर और थाना सीतापुर की संयुक्त टीम ने घटनास्थल सहित आरोपियों के भागने वाले संभावित रास्तों के CCTV फुटेज खंगाले।
पुलिस ने सरगुजा के गेरसा, जशपुर के कांसाबेल, कुनकुरी, सिंगीबहार, झारखंड के कुरडेग, खैरनटोली, सिमडेगा और ओडिशा के सुंदरगढ़ समेत कई इलाकों के करीब 500 CCTV फुटेज की जांच की। तकनीकी विश्लेषण और संदिग्धों के हुलिए के आधार पर पुलिस को चंटी दास और दास नागेश्वर की पहचान करने में सफलता मिली।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए साइबर सेल अंबिकापुर और थाना सीतापुर की टीम ने ओडिशा पुलिस के सहयोग से करीब 10 दिनों तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान पुलिस को चंटी दास के अपने घर आने की सूचना मिली।
जब पुलिस टीम उसके घर पहुंची तो वहां ताला लगा मिला। नियमानुसार तलाशी लेने पर घर से सीतापुर ज्वेलरी चोरी मामले से जुड़े 300.92 ग्राम सोने के आभूषण बरामद हुए। इनकी कीमत करीब 43 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण, जिसकी कीमत करीब 3 लाख रुपये है, भी बरामद किए गए।
लगातार कार्रवाई के बाद पुलिस ने ओडिशा के गंजाम जिले से आरोपी दास नागेश्वर, पिता दास नारायणी, निवासी नारायणपुर पोड़िया, थाना आसिका, जिला गंजाम को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर संगठित तरीके से उठाईगिरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2) और 3(5) भी जोड़ी गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं।
पुलिस जांच में आरोपी दास नागेश्वर का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ ओडिशा के अलग-अलग थानों में आबकारी एक्ट, चोरी और लूट जैसे अपराध दर्ज पाए गए हैं। इससे पुलिस को आशंका है कि आरोपी लंबे समय से संगठित अपराध में शामिल रहा है।
इस वारदात में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी विश्लेषण और दूसरे राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय के जरिए जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
पूरी कार्रवाई में साइबर सेल अंबिकापुर के सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, आरक्षक मनीष सिंह, अनुज जायसवाल, अमन पुरी सहित थाना सीतापुर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।