

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

A trap involving fake government schemes is being spread via deepfake videos, with the lure of an ₹8,000 payout for Diwali.
नई दिल्ली। दिवाली पर सरकारी योजना का लाभ दिलाने और मुफ्त पैसे देने का लालच देकर साइबर ठग लोगों को निशाना बना रहे हैं। इसके लिए ठग सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री और अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों के डीपफेक वीडियो बनाकर फर्जी सरकारी योजनाओं का प्रचार कर रहे हैं। लोगों को विज्ञापन और वाट्सएप के जरिए लिंक भेजकर योजना के तहत चुने जाने की जानकारी दी जाती है। इसके बाद लाभ की राशि जारी करने के नाम पर प्रोसेसिंग फीस, टैक्स या सत्यापन शुल्क मांगा जाता है।
देशभर में इस तरह की ठगी के मामले बढ़ने के बाद भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने सभी राज्यों को एडवाइजरी जारी की है। इसमें पुलिस को सतर्क करते हुए बताया गया है कि फर्जी विज्ञापनों के जरिए आम नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा है। वरिष्ठ नागरिकों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के ठगी का शिकार होने की आशंका अधिक है। ठग +92 कोड वाले विदेशी मोबाइल नंबरों से भी लोगों से संपर्क कर रहे हैं।
पुलिस कमिश्नरेट ने भी दिवाली पर 8 हजार रुपए का लाभ देने के नाम पर वायरल हो रहे वाट्सएप लिंक से सावधान रहने की अपील की है। ऐसे लिंक पर क्लिक करने से निजी और बैंकिंग जानकारी चोरी होने का खतरा है। किसी भी अनजान लिंक को खोलने से पहले जांच लें कि उसमें APK फाइल तो नहीं है। अनजान APK फाइल डाउनलोड करने से मोबाइल की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है और फोन हैक होने का जोखिम रहता है।
- लखनऊ: वाट्सएप पर आए मैसेज का जवाब देने के बाद एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) के दो बैंक खातों से 1.70 लाख रुपए निकाल लिए गए।
- हैदराबाद: 8 हजार रुपए के इनाम का लालच देने वाले वायरल लिंक के जरिए एक बुजुर्ग और एक महिला के साथ साइबर ठगी हुई।
- राजस्थान: त्योहारी और शादी के सीजन में साइबर ठग डिजिटल शादी का कार्ड भेजने के नाम पर APK फाइल भेज रहे हैं।
- मोहाली: पुलिस ने दिवाली गिफ्ट के नाम पर वाट्सएप पर आ रहे अनजान लिंक से सावधान रहने की अपील की है।
1. किसी भी सरकारी योजना की जानकारी संबंधित विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से ही सत्यापित करें।
2. सोशल मीडिया पर दिखने वाले विज्ञापनों, अनजान वाट्सएप नंबरों और लिंक पर भरोसा न करें।
3. सरकारी योजना का लाभ पाने के लिए किसी को प्रोसेसिंग फीस, टैक्स या सत्यापन शुल्क न दें।
4. किसी अनजान स्रोत से मिली APK फाइल डाउनलोड न करें।
5. याद रखें, UPI PIN का इस्तेमाल पैसे भेजने के लिए होता है, पैसे प्राप्त करने के लिए नहीं।
6. साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।