

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

AIIMS Raipur's speed dating event cancelled following protests
रायपुर। AIIMS रायपुर के वार्षिक ओरियाना फेस्ट में आयोजित होने वाला स्पीड डेटिंग कार्यक्रम विरोध के बाद रद्द कर दिया गया है। कार्यक्रम को लेकर NSUI और बजरंग दल ने कड़ी आपत्ति जताई थी। दोनों संगठनों ने इसे AIIMS जैसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान की गरिमा और सामाजिक-सांस्कृतिक मर्यादा के खिलाफ बताया था।
स्पीड डेटिंग कार्यक्रम के विरोध में NSUI कार्यकर्ता AIIMS परिसर पहुंचे और जमकर विरोध जताया। छात्र नेता पुनेश्वर लहरे ने कहा कि फेस्ट के नाम पर शराब परोसना, नशा करना और अश्लील गाने बजाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की परंपरा, संस्कृति और पहचान से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।
इससे पहले NSUI ने AIIMS के डिप्टी डायरेक्टर को ज्ञापन सौंपकर स्पीड डेटिंग कार्यक्रम रद्द करने की मांग की थी। संगठन ने कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वाले विद्यार्थियों की फीस वापस करने की मांग भी रखी थी। इसके अलावा AIIMS परिसर में शराब और नशे पर पूरी तरह रोक लगाने, अश्लील गानों और आपत्तिजनक गतिविधियों पर नियंत्रण रखने तथा ओरियाना फेस्ट के सभी कार्यक्रमों और फीस का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की गई थी।

वहीं, बजरंग दल ने भी स्पीड डेटिंग कार्यक्रम का विरोध करते हुए AIIMS प्रबंधन से इसे रद्द करने की मांग की थी। संगठन का कहना था कि AIIMS जैसे बड़े चिकित्सा और शैक्षणिक संस्थान में इस तरह के आयोजन नहीं होने चाहिए। इससे संस्थान की गरिमा और सामाजिक-सांस्कृतिक मर्यादा प्रभावित होती है।
फेस्ट के खिलाफ नहीं, कुछ गतिविधियों पर आपत्ति: NSUI
NSUI ने स्पष्ट किया कि संगठन ओरियाना फेस्ट या छात्रों के मनोरंजन के खिलाफ नहीं है। विरोध सिर्फ उन गतिविधियों को लेकर है, जिन्हें संगठन AIIMS जैसे शैक्षणिक संस्थान की गरिमा और सामाजिक मर्यादा के विपरीत मानता है। संगठन का कहना है कि मनोरंजन के नाम पर छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं से समझौता नहीं होना चाहिए।
क्या होता है स्पीड डेटिंग कार्यक्रम?
स्पीड डेटिंग एक ऐसा आयोजन है, जिसमें अलग-अलग लोग कुछ मिनट के लिए एक-दूसरे से बातचीत करते हैं। तय समय पूरा होने पर प्रतिभागी अगले व्यक्ति से बातचीत करने लगते हैं। इस तरह एक ही आयोजन में कई लोगों से मिलने और उन्हें जानने का मौका मिलता है। इसका मुख्य उद्देश्य नए लोगों से परिचय बढ़ाना और आपसी पसंद-नापसंद को समझना होता है।