

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

A moving bus from Ranchi to Raipur caught fire, 40 passengers were saved due to the driver's presence of mind.
रांची। रांची में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। नामकुम थाना क्षेत्र के खरसीदाग इलाके में कोचबोंग रिंग रोड पर अचानक शिवनाथ बस में आग लग गई। हालांकि चालक की सूझबूझ के चलते बस में सवार करीब 40 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित उतार लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
रांची से रायपुर जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार बस बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे खादगढ़ा बस स्टैंड से रायपुर के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। यात्रियों ने बताया कि बस जैसे ही कोचबोंग इलाके में पहुंची, तभी वाहन से धुआं निकलता दिखाई दिया।
स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया और सभी यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा। सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए।
देखते ही देखते बस में फैल गई आग
यात्रियों के उतरते ही बस में आग तेजी से फैलने लगी। इस दौरान कुछ यात्रियों ने बस की डिक्की से अपना सामान निकालने की कोशिश की। कुछ लोग सामान बचाने में सफल रहे, लेकिन बस की छत पर रखा सब्जी, कॉपी-किताब और अन्य सामान जलकर राख हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को बुलाया गया। दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही आग पूरे बस में फैल चुकी थी। बाद में अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
शॉर्ट सर्किट या डीजल रिसाव की आशंका
मामले में मनीष कुमार ने बताया कि आग लगने की शुरुआती वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। वहीं कुछ यात्रियों ने बस की डीजल टंकी से रिसाव होने की भी आशंका जताई है।
उन्होंने कहा कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन बस को आग से काफी नुकसान हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।