

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Ajay Chandrakar takes a dig at the discussion regarding the Congress CM face, remarking:
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के भीतर मुख्यमंत्री पद के लिए चार चेहरों की चर्चा को लेकर सियासत तेज हो गई है। वरिष्ठ भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा, “सूत न कपास, जुलाहे से लट्ठम-लट्ठ। आखिर सपना देखने में क्या बुराई है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अभी से मुख्यमंत्री पद को लेकर चर्चा करना महज राजनीतिक कल्पना है।
मीडिया से बातचीत में अजय चंद्राकर ने कांग्रेस के पिछले कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह कांग्रेस ने पांच साल सरकार चलाई, उसके बाद छत्तीसगढ़ की जनता उसे दोबारा सत्ता में नहीं लाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में ऐसी मिसाल कायम की है, जिसे लोग आज भी याद रखते हैं। चंद्राकर ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि “यह सब जले हुए कारतूस हैं” और कांग्रेस में ऐसे नेताओं की संख्या काफी है।
धमतरी समेत कई क्षेत्रों में प्रार्थना सभा में शामिल होने के लिए आवेदन मिलने के दावों पर भी अजय चंद्राकर ने सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मिशनरियां कानून के शिकंजे से बचने के लिए नए तरीके ईजाद कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को प्रार्थना सभा में शामिल होने के लिए आवेदन देना पड़े, तो यह अपने आप में हास्यास्पद है। चंद्राकर ने सवाल किया कि अगर वह चर्च, मंदिर या मजार में जाते हैं, तो क्या इसके लिए भी आवेदन देना होगा?
अमित जोगी के कांग्रेस में शामिल होने की संभावनाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर भी अजय चंद्राकर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर अमित जोगी को कांग्रेस में वापस लाया जाता है, तो वे पार्टी के कई नेताओं की राजनीतिक जमीन प्रभावित कर सकते हैं।
चंद्राकर ने तंज कसते हुए कहा कि “अमित जोगी को ले आयेंगे, तो वो बहुत लोगों का दुकान बंद कर देंगे। उस भय के कारण उन्हें कांग्रेस में नहीं लाना चाह रहे होंगे।”
अजय चंद्राकर के कांग्रेस नेताओं को “जला हुआ कारतूस” बताए जाने पर कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि चंद्राकर का बयान उनकी अपनी व्यथा को दर्शाता है। शुक्ला ने तंज कसते हुए कहा कि “उनकी पार्टी ने ही उनको जला हुआ कारतूस बना दिया है।”
भाजपा के पोस्टर और कांग्रेस नेताओं पर किए जा रहे हमलों को लेकर सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस नेताओं पर तंज कसना भाजपा की आदत बन चुकी है। उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस पर कोई फर्क नहीं पड़ता। शुक्ला ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के पास अपनी सरकार की उपलब्धियां बताने के लिए कुछ खास नहीं है। उनके मुताबिक सोशल मीडिया पर भी ऐसा कोई पोस्ट नजर नहीं आता, जिसमें भाजपा अपनी सरकार की उपलब्धियों को प्रमुखता से सामने रख रही हो।