

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Baloda Bazar News: Three members of the same family die from electrocution in Baloda Bazar; after the father and son, the mother also passes away.
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से हुए दर्दनाक हादसे में अब पूरे परिवार की मौत हो गई है। शुक्रवार को करंट लगने से पिता और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से झुलसी मां ने भी शनिवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना ने दीपावली की खुशियों को मातम में बदल दिया है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, बलौदाबाजार के नेहरू चौक निवासी राकेश गुप्ता शुक्रवार सुबह अपने घर में साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान वह घर से महज पांच फीट की दूरी से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। राकेश को करंट लगता देख उनकी पत्नी वर्षा और बेटा ईशान उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन दोनों भी बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
इस दर्दनाक हादसे में राकेश गुप्ता और उनके बेटे ईशान की मौके पर ही मौत हो गई थी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल वर्षा को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर रेफर कर दिया था। यहां एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। लेकिन शनिवार सुबह उपचार के दौरान वर्षा ने भी दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हादसे में परिवार के तीनों सदस्यों की मौत हो गई।
इस घटना का एक भयावह वीडियो भी सामने आया था। इसमें घर की बालकनी के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से करंट और आग की लपटें निकलती दिखाई दे रही थीं। आग घर की बालकनी तक फैलती नजर आई थी। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई थी।
घर से महज पांच फीट की दूरी पर हाईटेंशन बिजली लाइन गुजरने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से इलाके में मातम पसरा है। हादसे ने बिजली लाइनों की सुरक्षा और रिहायशी इलाकों में उनके रखरखाव को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।