

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Latest News: Amarnath Yatra to begin on July 3, registration to begin on April 15
जम्मू। अमरनाथ यात्रा का आधिकारिक ऐलान हो गया है। इस वर्ष यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर रक्षा बंधन के दिन 28 अगस्त को समाप्त होगी। कुल 57 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा पिछले वर्ष के मुकाबले अधिक अवधि की होगी, जब यह 38 दिनों तक आयोजित की गई थी।
ज्येष्ठ पूर्णिमा पर होगी प्रथम पूजा
यात्रा की शुरुआत से पहले 29 जून को ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन पारंपरिक ‘प्रथम पूजा’ का आयोजन किया जाएगा, जिसे यात्रा का महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान माना जाता है।
15 अप्रैल से शुरू होगा पंजीकरण
श्रद्धालुओं के लिए अग्रिम पंजीकरण 15 अप्रैल से ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से शुरू होगा। देशभर में जम्मू-कश्मीर बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और यस बैंक की 554 शाखाओं में यह सुविधा उपलब्ध रहेगी।
श्रद्धालुओं के लिए बढ़ाई गई बीमा राशि
जम्मू में आयोजित प्रेस वार्ता में उपराज्यपाल ने श्रद्धालुओं से यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। इस बार हर यात्री को 10 लाख रुपये तक का ग्रुप बीमा कवर मिलेगा, जो पिछले साल 5 लाख रुपये था।
स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान
यात्रा के लिए 13 से 70 वर्ष आयु वर्ग के लोग पात्र होंगे। स्वास्थ्य प्रमाणपत्र बनवाना अनिवार्य रहेगा। प्रशासन ने देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए चिकित्सा केंद्रों और डॉक्टरों की टीमों की सूची भी जारी कर दी है।
प्रशासन का कहना है कि इस बार यात्रा को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के बाबा बर्फानी के दर्शन कर सकें।