

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Amid political turmoil in Tamil Nadu, a Vijay supporter set himself on fire, his condition is critical.
चेन्नई। विजय की पार्टी टीवीके के चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरने के बाद भी सरकार गठन को लेकर जारी अनिश्चितता ने तमिलनाडु की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। बहुमत का आंकड़ा पूरा नहीं होने और अन्य दलों से स्पष्ट समर्थन न मिलने के कारण सरकार बनाने की प्रक्रिया फिलहाल अटकी हुई है। इसी बीच समर्थकों में नाराजगी और भावनात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।
विजय समर्थक ने खुद को लगाई आग
शनिवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब विजय के एक समर्थक ने कथित तौर पर खुद को आग लगा ली। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
इसक्कियप्पन की हालत गंभीर
जानकारी के मुताबिक करीब 40 वर्षीय इसक्कियप्पन नामक व्यक्ति इस घटना में गंभीर रूप से झुलस गया है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह लंबे समय से विजय का कट्टर समर्थक था और सरकार गठन में हो रही देरी को लेकर लगातार भावुक प्रतिक्रिया दे रहा था।
पहले भी कर चुका है अनोखा प्रदर्शन
बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले भी इसक्कियप्पन ने विजय के मुख्यमंत्री बनने की कामना को लेकर अजीब प्रदर्शन किया था। उसने धार्मिक आस्था दिखाने के लिए लंबे भाले को चेहरे के आर-पार कर विरोध और समर्थन जताने की कोशिश की थी, जिसकी चर्चा उस समय भी हुई थी।
नेताओं ने की शांति बनाए रखने की अपील
घटना के बाद राज्य के कई राजनीतिक नेताओं ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। नेताओं का कहना है कि सरकार गठन की प्रक्रिया जारी है और जनता की भावनाओं का सम्मान किया जा रहा है। साथ ही समर्थकों से भावनात्मक होकर कोई खतरनाक कदम न उठाने की भी अपील की गई है।
विजय से समर्थकों को संदेश देने की मांग
राजनीतिक हलकों में अब यह मांग उठ रही है कि विजय खुद सामने आकर अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील करें। हाल के दिनों में राज्य के कुछ अन्य इलाकों से भी तनाव और हिंसा जैसी घटनाओं की खबरें सामने आई हैं, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।