

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Amit Shah CG Visit: Amit Shah on Chhattisgarh tour today, will attend a high-level review meeting on Naxalism and the Pandum Festival.
रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज 7 फरवरी से छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार वे शनिवार शाम 7 बजे रायपुर पहुंचेंगे। उनका यह दौरा नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि नक्सलवाद के खात्मे के लिए तय 31 मार्च 2026 की समयसीमा अब नजदीक आ चुकी है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहले ही देश से नक्सलवाद खत्म करने की डेडलाइन घोषित कर चुके हैं। इसके बाद से छत्तीसगढ़ समेत नक्सल प्रभावित राज्यों में सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं। अब इस समयसीमा में करीब 52 दिन शेष हैं, ऐसे में शाह का यह दौरा नक्सल विरोधी अभियान की आगे की दिशा तय करने वाला माना जा रहा है।
रायपुर पहुंचने के बाद होगी उच्चस्तरीय बैठक
जारी कार्यक्रम के अनुसार रायपुर पहुंचने के लगभग एक घंटे बाद रात 8 बजे अमित शाह वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। यह बैठक रायपुर के होटल मेफेयर में आयोजित होगी, जिसमें राज्य और केंद्र की सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे।
8 फरवरी को होगी अंतिम सुरक्षा समीक्षा
दौरे के दूसरे दिन 8 फरवरी को केंद्रीय गृह मंत्री सुबह 10:30 बजे नक्सलवाद (LWE) को लेकर उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक करेंगे। अधिकारियों के मुताबिक इस बैठक को 31 मार्च की तय समयसीमा से पहले अंतिम बड़ी समीक्षा बैठक के रूप में देखा जा रहा है। बैठक में छत्तीसगढ़ के साथ-साथ तेलंगाना, महाराष्ट्र और ओडिशा के नक्सल प्रभावित इलाकों की सुरक्षा स्थिति, चल रहे अभियानों की प्रगति और इंटेलिजेंस इनपुट्स पर चर्चा होने की संभावना है। इसी दिन शाम 4:30 बजे अमित शाह रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय कॉनक्लेव में भी शामिल होंगे।
9 फरवरी को बस्तर दौरा
तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन 9 फरवरी को केंद्रीय गृह मंत्री बस्तर जाएंगे। वे जगदलपुर में आयोजित बस्तर पंडुम महोत्सव-2026 के समापन समारोह में सुबह 11:45 बजे शामिल होंगे। इससे पहले भी अमित शाह इस महोत्सव में शिरकत कर चुके हैं।
बैठक के बाद तेज हो सकते हैं ऑपरेशन
राज्य प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अमित शाह के दौरे को लेकर पहले से ही तैयारियों में जुटी हुई हैं। प्रस्तावित बैठकों में केंद्रीय अर्धसैनिक बल, राज्य पुलिस और इंटेलिजेंस एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इस दौरे के बाद नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों के ऑपरेशन और तेज किए जा सकते हैं।