

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: An online cricket betting network worth crores was being operated from Goa, Raigarh police arrested 6 bookies.
रायगढ़। छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और हवाला नेटवर्क के खिलाफ रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने गोवा में दबिश देकर आईपीएल क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जबकि जांच में करोड़ों रुपये के लेनदेन और हवाला कनेक्शन का खुलासा हुआ है।
रायगढ़ से गोवा तक फैला था नेटवर्क
मामले की शुरुआत थाना कोतवाली रायगढ़ में दर्ज अपराध क्रमांक 217/2026 और 218/2026 से हुई। ऑनलाइन सट्टा प्रकरण में पहले करन चौधरी उर्फ करन अग्रवाल, पुष्कर अग्रवाल और सुनील अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को हवाला नेटवर्क और खरसिया निवासी अमित मित्तल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। तकनीकी जांच में पता चला कि नेटवर्क रायगढ़, रायपुर, सक्ती और खरसिया से जुड़ा हुआ है, जबकि संचालन गोवा, मुंबई और हैदराबाद से किया जा रहा था।
गोवा के विला में चल रहा था सट्टा कारोबार
एसएसपी के निर्देश पर सीएसपी मयंक मिश्रा और डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में साइबर थाना की टीम गोवा पहुंची। कैंडोलिम बीच इलाके के एक किराए के विला में छापेमारी के दौरान अमित मित्तल, मोहित सोमानी, प्रकाश वाधवानी, आकाश मोटवानी, राहुल खंडेलवाल उर्फ बाबू और सुलभ खंडेलवाल उर्फ छोटा बाबू को ऑनलाइन सट्टा संचालित करते पकड़ा गया।
पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मोबाइल, लैपटॉप और हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेज नष्ट करने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि पुलिस ने मौके से 10 मोबाइल फोन जब्त कर सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
तीन तरीकों से चलता था ऑनलाइन सट्टा
पूछताछ में आरोपियों ने आईपीएल क्रिकेट मैचों में सट्टा चलाने के तीन प्रमुख तरीकों का खुलासा किया। रायपुर स्थित “अभिनंदन बुक/लाइन” से क्रिकेट सेशन का भाव लेकर APK आधारित Zoom ऐप के जरिए खाईवालों और प्लेयर्स तक पहुंचाना।“प्रगति टीवी ऐप” और “स्टार लाइव” जैसे ऐप के जरिए मैच का प्रसारण 7 सेकंड पहले देखकर समय का फायदा उठाना। “All Panel Exchange”, “Taj 777” और “Diamond Exchange” जैसे बेटिंग ऐप के माध्यम से ऑनलाइन जुआ खिलाना।
मन्नू नथानी गैंग से जुड़े तार
तकनीकी जांच में सामने आया कि आरोपी मध्य भारत के चर्चित “मन्नू नथानी” सट्टा नेटवर्क से जुड़े हुए थे। ये लोग दुबई से संचालित क्रिकेट बेटिंग आईडी लेकर छोटे खाईवालों और प्लेयर्स को उपलब्ध कराते थे और हर लेनदेन पर 10 प्रतिशत तक कमीशन लेते थे।
प्रारंभिक जांच में एक आईपीएल सीजन में करोड़ों रुपये के लेनदेन के संकेत मिले हैं। इससे पहले गिरफ्तार आरोपियों से एक करोड़ रुपये से अधिक नकदी भी जब्त की जा चुकी है।
हवाला के जरिए होता था लेनदेन
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गैंग हवाला के माध्यम से रकम ट्रांसफर करता था। आरोपियों के मोबाइल फोन से नोटों के सीरियल नंबर साझा कर भरोसे के आधार पर बड़ी रकम भेजने के सबूत मिले हैं।
कई आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मामले
मुख्य आरोपी अमित मित्तल पर रायगढ़, खरसिया, चक्रधरनगर और घरघोड़ा थाना क्षेत्रों में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के कई मामले दर्ज हैं। वहीं मोहित सोमानी पर रायपुर के विभिन्न थानों में सट्टा संचालन के अपराध दर्ज बताए गए हैं।
एसएसपी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस ऑनलाइन सट्टा, हवाला और संगठित अपराध के खिलाफ लगातार आक्रामक कार्रवाई कर रही है। तकनीक आधारित अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
गिरफ्तार आरोपी
1. अमित मित्तल – खरसिया
2. मोहित सोमानी – रायपुर
3. प्रकाश वाधवानी – रायपुर
4. आकाश मोटवानी – रायपुर
5. राहुल खंडेलवाल उर्फ बाबू – रायपुर
6. सुलभ खंडेलवाल उर्फ छोटा बाबू – रायपुर
फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की तैयारी की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।