

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Congress Sanatan Controversy,
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सनातन धर्म और कांग्रेस की राजनीति को लेकर एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा प्रवक्ता दाऊ अनुराग अग्रवाल ने कांग्रेस पर सनातन धर्म के प्रति सार्वजनिक रूप से घृणा प्रदर्शित करने और वर्ग विशेष के तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की स्पष्ट राजनीतिक लाइन है, जिसका पालन पार्टी का शीर्ष नेतृत्व सोनिया गांधी से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तक करता आ रहा है।
दाऊ अनुराग अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस की सर्वोच्च नेता सोनिया गांधी की आंखों में बाबरी मस्जिद गिरने पर आंसू आ जाते हैं, लेकिन राम जन्मभूमि पर दर्शन करने नहीं जातीं। उन्होंने राम और रामसेतु को काल्पनिक बताने वाले हलफनामे का भी जिक्र करते हुए कांग्रेस की धार्मिक विचारधारा पर सवाल उठाए।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दीपावली को लेकर दिए गए कथित बयान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दीपावली को सबसे लंबे समय तक चलने वाली ईद बताना महज जुबान फिसलने का मामला नहीं, बल्कि कांग्रेस की उसी राजनीतिक सोच का प्रदर्शन है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष मिर्जा मसूद के दीपावली से प्रदूषण को जोड़ने वाले बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता लगातार ऐसे बयान देते हैं, जिनसे सनातन धर्म की भावनाएं आहत होती हैं।
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए अग्रवाल ने कहा कि वे भी तर्क और कुतर्क के जरिए मूर्ति पूजा पर सवाल खड़े करते हैं और इसके विरोध में बयान देते हैं।
अग्रवाल ने कहा कि सर्वधर्म समभाव की परंपरा वाले भारत में सनातन धर्म का अपमान और वर्ग विशेष के तुष्टिकरण की राजनीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के लगातार राजनीतिक पतन के कई कारणों में यह भी एक प्रमुख कारण है। कांग्रेस को अपनी इस राजनीतिक सोच पर आत्ममंथन करना चाहिए।