

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

kabra hathi ka aatank, do din mein teen logon ko kuchalkar maar dala
छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में जंगली हाथी 'कबरा' का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले में दहशत का पर्याय बन चुके इस हाथी ने महज दो दिनों के भीतर तीन लोगों को कुचलकर मार डाला। बताया जा रहा है कि पिछले छह महीनों में यह हाथी अब तक 17 लोगों की जान ले चुका है। लगातार हो रही मौतों के बाद वन विभाग की चिंता बढ़ गई है। अब हाथी को काबू करने के लिए विशेष रणनीति तैयार की जा रही है।
दीपावली की रात तीन लोगों को बनाया निशाना
जानकारी के मुताबिक, दीपावली की रात सूरजपुर जिले के श्यामनगर में कबरा हाथी ने कृष्णा राजवाड़े (51 वर्ष) और सोनपुर गांव में मोहनलाल कंवर उर्फ मट्टू (36 वर्ष) को कुचलकर मार डाला। इसके बाद हाथी अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर कंदरई बस्ती के पास पहुंचा, जहां उसने बिशुन राम (55 वर्ष) को भी कुचल दिया। दो दिनों में तीन लोगों की मौत से आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।
कबरा को काबू करने के लिए अपनाई जाएगी खास तकनीक
वन विभाग अब इस हाथी को नियंत्रित करने के लिए प्रशिक्षित कुमकी हाथी की मदद लेने की तैयारी कर रहा है। योजना के तहत कुमकी हाथी की सहायता से कबरा को काबू किया जाएगा। इसके बाद उसके गले में ट्रैकिंग कॉलर लगाया जाएगा, जिससे उसकी लोकेशन और गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सकेगी।
ट्रैकिंग कॉलर लगने के बाद हाथी को ट्रक के जरिए हाथियों के समूह वाले घने वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। वन विभाग उसके व्यवहार की निगरानी करेगा। यदि इसके बाद भी हाथी का व्यवहार नहीं बदलता और वह लोगों के लिए खतरा बना रहता है, तो उसे रेस्क्यू सेंटर में रखा जाएगा।
रेस्क्यू सेंटर में भी होगी विशेष व्यवस्था
रेस्क्यू सेंटर में कबरा को लोहे के गार्डर और मोटी लकड़ियों से तैयार बाड़े में रखा जाएगा। बाड़े में इतनी ही जगह होगी कि हाथी खड़ा रह सके। वहां उसकी देखरेख वन विभाग के महावत और विशेषज्ञ करेंगे। जरूरत पड़ने पर उसे अन्य हाथियों के साथ भी रखा जा सकेगा।
एक सप्ताह के भीतर अभियान शुरू होने की उम्मीद
वन्यप्राणी सरगुजा के संरक्षक डॉ. प्रणय मिश्रा के मुताबिक, इस अभियान के लिए जरूरी संसाधन तैयार हैं। उम्मीद है कि एक सप्ताह के भीतर अभियान शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, सूरजपुर के वनमंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल ने बताया कि ट्रैकिंग कॉलर लगाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है और जल्द अनुमति मिलने की संभावना है।
फिलहाल वन विभाग की कोशिश है कि कबरा हाथी को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित कर इंसानी बस्तियों से दूर किया जाए, ताकि आगे किसी और की जान न जाए। हालांकि, इस पूरी कार्रवाई के लिए वन विभाग को मुख्यालय से ट्रैकिंग कॉलर लगाने की अनुमति का इंतजार है।