

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Asian Games 2026: India opens account with two silver medals... Women's cricket team reaches the final.
नागोया। जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने पहले ही दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों का खाता खोल दिया। भारतीय महिला निशानेबाजों ने 10 मीटर एयर राइफल में टीम और व्यक्तिगत स्पर्धा में दो रजत पदक हासिल किए। इसके अलावा महिला क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बना ली है। हॉकी में भी भारतीय महिला और पुरुष टीमों ने अपने अभियान की जीत के साथ शुरुआत की।
महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में एलावेनिल वलारिवान, सोनम उत्तम मस्कर और विदरसा के. विनोद की भारतीय टीम ने रजत पदक हासिल किया।इसके बाद एलावेनिल ने व्यक्तिगत स्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा रजत पदक अपने नाम किया। वह मुकाबले के शुरुआती चरण में स्वर्ण पदक की दौड़ में बनी हुई थीं, लेकिन 22वें शॉट के बाद 231.9 अंक के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गईं। वह स्वर्ण से महज 0.6 अंक से चूक गईं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एलावेनिल वलारिवान, सोनम मस्कर और विदरसा विनोद को पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और टीमवर्क की सराहना करते हुए भविष्य के मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।
मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में भी भारत के लिए अच्छी खबर सामने आई। सुचिका तारियाल ने मंगोलिया की बैगलमा को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इसके साथ ही उन्होंने भारत के लिए इस स्पर्धा में पदक सुनिश्चित कर दिया।यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि एशियन गेम्स के इस आयोजन में भारत को मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में पहली बार पदक मिलने जा रहा है।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया है। सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 114 रन से हराया।पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 4 विकेट पर 195 रन बनाए। शेफाली वर्मा ने 49 गेंदों पर नाबाद 100 रन की शानदार पारी खेली और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना पहला शतक लगाया।लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 15.4 ओवर में 81 रन पर ऑलआउट हो गई। फाइनल में भारत का मुकाबला श्रीलंका से होगा।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने पूल बी के अपने पहले मुकाबले में उज्बेकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त दी। मुकाबले में दीपिका ने 8 गोल किए।वहीं, गत चैंपियन भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने इंडोनेशिया को 13-1 से हराकर विजयी शुरुआत की। दिलप्रीत सिंह ने इस मुकाबले में चार गोल दागे।
बैडमिंटन में भारतीय महिला टीम ने कजाखस्तान को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। अगले मुकाबले में भारतीय टीम का सामना जापान से होगा।
एशियन गेम्स के अगले दिन भारत की नजरें निशानेबाजी, कबड्डी, हॉकी, बैडमिंटन और मुक्केबाजी के मुकाबलों पर रहेंगी। भारतीय खिलाड़ी अलग अलग स्पर्धाओं में पदक की दावेदारी पेश करेंगे।