

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

B.Tech student in Raisen defrauded of ₹15 lakh in cyber scam; lured by 'work-from-home' job offer on Telegram; two accused arrested.
रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में नौकरी की तलाश कर रहे एक बीटेक छात्र को टेलीग्राम पर वर्क फ्रॉम होम जॉब का लालच देकर साइबर ठगों ने 15 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले में रायसेन कोतवाली पुलिस ने ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, मुख्य साइबर गिरोह और उसके मास्टरमाइंड की तलाश जारी है।
कोतवाली थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल के मुताबिक, फरियादी अनिकेत नायक बीटेक का छात्र है और नौकरी की तलाश कर रहा था। 5 जून के आसपास टेलीग्राम पर एक अज्ञात व्यक्ति ने उससे संपर्क कर ऑनलाइन वर्क फ्रॉम होम जॉब का ऑफर दिया। शुरुआत में रिज्यूम भेजने के बदले उसके खाते में 200 से 250 रुपये ट्रांसफर किए गए, जिससे उसे ऑफर पर भरोसा हो गया।
इसके बाद ठगों ने बड़े टास्क देने का झांसा देकर सिक्योरिटी मनी और सरकारी टैक्स के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई। साथ ही यह भरोसा दिलाया कि पूरी राशि वापस कर दी जाएगी और अच्छा मुनाफा भी मिलेगा। झांसे में आकर छात्र ने अलग-अलग खातों में करीब 15 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
9 जून तक जब कोई भुगतान वापस नहीं मिला तो छात्र को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने रायसेन कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 377/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने बैंक ट्रांजैक्शन की पड़ताल की, जिसमें गैरतगंज के ग्राम पापड़ा निवासी शिवकुमार गौर के खाते में 12,800 रुपये ट्रांसफर होने की जानकारी मिली। पूछताछ में शिवकुमार ने बताया कि भोपाल निवासी शशांक कुशवाहा ने कमीशन का लालच देकर उसका बैंक खाता इस्तेमाल किया था। इसके बाद पुलिस ने शशांक कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में शशांक ने खुलासा किया कि वह टेलीग्राम के जरिए जुड़े अज्ञात साइबर ठगों को अलग-अलग लोगों के बैंक खाते उपलब्ध कराता था। इन खातों में ठगी की रकम आने के बाद उसे आगे ट्रांसफर कर क्रिप्टोकरेंसी में बदला जाता था। आरोपी पिछले करीब पांच महीने से इस नेटवर्क के लिए काम कर रहा था।
पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क और इसके मास्टरमाइंड तक पहुंचने के लिए जांच जारी है। साथ ही इस बात की भी पड़ताल की जा रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को इसी तरह ठगी का शिकार बनाया है।