BJP's historic victory in Haryana: 9 out of 10 mayors won
चंडीगढ़: हरियाणा में भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार ने शहरी निकाय चुनावों में शानदार प्रदर्शन कर अपनी सत्ता को और मजबूत कर लिया है। विधानसभा चुनावों के करीब साढ़े पांच माह बाद हुए इस चुनाव में भाजपा ने 10 नगर निगमों में से 9 नगर निगमों में मेयर पद पर विजय प्राप्त की। वहीं, नवगठित मानेसर नगर निगम में निर्दलीय उम्मीदवार ने केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत के नाम पर वोट मांगकर चुनाव जीता।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को दूसरी बार सीएम का दायित्व संभालते हुए एक साल पूरा होने के बाद भाजपा का प्रदर्शन और भी जोरदार रहा। राज्य के किसी भी शहरी निकाय में कांग्रेस जीत के करीब तक भी नहीं पहुंच पाई। भाजपा ने राज्य की पांच नगर परिषदों पर कब्जा जमाया, जबकि 23 नगर पालिकाओं में से आठ उम्मीदवार भाजपा के जीते। इसके साथ ही, 15 निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी जीत हासिल की।
फरीदाबाद नगर निगम में भाजपा को देश में सबसे बड़ी जीत हासिल हुई है। यहां भाजपा की उम्मीदवार प्रवीण बत्रा जोशी ने 3 लाख 16 हजार 852 मतों से चुनाव जीतकर देश में सबसे बड़े जीत के अंतर का रिकॉर्ड बना दिया। यह रिकॉर्ड पहले गाजियाबाद की भाजपा की मेयर सुनीता दयाल के नाम था।
फरीदाबाद नगर निगम ने एक और ऐतिहासिक रिकॉर्ड बना दिया है, जहां एक ही परिवार के तीन सदस्य निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीतने में सफल रहे हैं। फरीदाबाद के वार्ड नंबर 42 से दीपक यादव (पति), वार्ड नंबर 43 से रश्मि यादव (पत्नी) और वार्ड नंबर 40 से पवन यादव (देवर) ने चुनाव जीते, जिससे यह परिवार अब फरीदाबाद नगर निगम में अपनी जीत का परचम लहरा रहा है।
अन्य समाचार
Copyright © 2025 rights reserved by Inkquest Media