

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

'Big Daddy Game' online betting network busted in Janjgir; 6 arrested, including the mastermind.
जांजगीर-चांपा। साइबर टीम ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘बिग डैडी गेम’ (BDG) ऑनलाइन सट्टा एप से जुड़े एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने नेटवर्क के मास्टरमाइंड और मुख्य एडमिन शैलेंद्र कुमार शर्मा समेत कुल छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के तार अन्य राज्यों तक जुड़े होने की आशंका है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपित शैलेंद्र कुमार शर्मा वाट्सऐप ग्रुप और विभिन्न लिंक के माध्यम से 150 से अधिक लोगों को ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क से जोड़ चुका था। आरोपित नए ग्राहकों को सट्टा खेलने के लिए लिंक उपलब्ध कराते थे और उन्हें नेटवर्क में शामिल करते थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से बिग डैडी गेम एप की मास्टर आईडी, वाट्सऐप चैट और ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।
जांच में बैंक खातों और USDT (क्रिप्टोकरेंसी) के माध्यम से 30 लाख रुपये से अधिक के डिजिटल लेनदेन का खुलासा हुआ है। पुलिस अब इन लेनदेन से जुड़े बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क के आर्थिक लेनदेन का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने मामले में शैलेंद्र शर्मा के अलावा हेमलाल यादव, महेश राठौर, राकेश राठौर, दुर्गेश राठौर और हीरालाल यादव को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
आरोपितों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश किया है।
पुणे समेत दूसरे राज्यों तक जुड़े तार
पुलिस को जांच के दौरान इस ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के तार पुणे, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों से जुड़े होने का अंदेशा मिला है। पुलिस इन कड़ियों की जांच कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह का मुख्य काम नए लोगों को ऑनलाइन सट्टेबाजी से जोड़ना और उनके बीच सट्टा खेलने के लिंक प्रसारित करना था। साइबर टीम अब बरामद डिजिटल साक्ष्यों और वित्तीय लेनदेन के आधार पर नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।