

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Big change in IPL 2026: RCB can make Raipur home ground
बेंगलुरु। एक समय रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की पहचान रहे एम चिन्नास्वामी स्टेडियम को लेकर अब टीम असहज नजर आ रही है। आईपीएल 2025 फाइनल जीत के बाद हुए ट्रॉफी सेलिब्रेशन के दौरान मची भगदड़ का असर अब अगले सीजन तक देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक आईपीएल 2026 में आरसीबी अपने घरेलू मुकाबले बेंगलुरु में नहीं खेलेगी।
सूत्रों की मानें तो आरसीबी मैनेजमेंट नए होम ग्राउंड की तलाश में है और इस रेस में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम सबसे आगे चल रहा है। बताया जा रहा है कि टीम के खिलाड़ियों को रायपुर का मैदान और वहां की सुविधाएं काफी पसंद आई हैं। इसके अलावा इंदौर भी विकल्प के तौर पर चर्चा में है।
अब तक आरसीबी ने कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) से आईपीएल 2026 को लेकर कोई औपचारिक बातचीत नहीं की है, जबकि छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ (सीसीए) के अधिकारियों के साथ लगातार संवाद जारी है। टीम फिलहाल बेंगलुरु लौटने के मूड में नहीं दिख रही, जिससे रायपुर के नए होम ग्राउंड बनने की संभावना और मजबूत हो गई है।
क्या था पूरा मामला
आईपीएल 2025 का खिताब जीतने के बाद आरसीबी ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में ट्रॉफी सेलिब्रेशन का आयोजन किया था। हालांकि, खराब प्लानिंग और भीड़ नियंत्रण की कमी के चलते हालात बेकाबू हो गए। भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए। इस घटना ने न सिर्फ आरसीबी मैनेजमेंट बल्कि कर्नाटक सरकार को भी सवालों के घेरे में ला खड़ा किया था।
अब इस हादसे के बाद आरसीबी के होम ग्राउंड बदलने की संभावनाएं तेज हो गई हैं और क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आईपीएल 2026 में टीम आखिरकार किस शहर को अपना नया घर बनाती है।