

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Big news: Tragic accident in Aligarh, UKG student dies after school bus floor collapses, RTO enforcement and RI suspended
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में यूकेजी की 6 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। यह घटना अलीगढ़-कासगंज रोड स्थित ढोलना इलाके में शनिवार दोपहर हुई, जब चलती स्कूल बस का फर्श अचानक टूट गया और बच्ची नीचे गिरकर पहिए की चपेट में आ गई। मामले में सख्त रुख अपनाते हुए सरकार ने आरटीओ प्रवर्तन अधिकारी वंदना सिंह और आरआई चंपालाल को निलंबित कर दिया है।
क्यों हुए सस्पेंड?
प्रारंभिक जांच में आरटीओ प्रवर्तन वंदना सिंह पर वाहनों की नियमित चेकिंग में लापरवाही बरतने का आरोप लगा है। वहीं, आरआई चंपालाल पर खराब स्थिति में होने के बावजूद बस को फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करने का आरोप है। लापरवाही सामने आने के बाद दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया।
क्या है पूरा मामला?
यह हादसा माउंट इंटरनेशनल स्कूल की बस से हुआ। मृतक छात्रा अनन्या (6) यूकेजी की छात्रा थी और रोज की तरह अपने 10 वर्षीय भाई गोलू के साथ स्कूल जा रही थी।
बताया जा रहा है कि जिस सीट पर अनन्या बैठी थी, उसके नीचे का फर्श अचानक टूट गया। फर्श टूटते ही वह बस से नीचे गिर गई और पिछले पहिए की चपेट में आ गई। भाई के चीखने पर ड्राइवर ने बस रोकी और बच्ची को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
लापरवाही की परतें खुलीं
हादसे के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान स्कूल प्रबंधन और परिवहन विभाग की लापरवाही के संकेत मिले हैं।
प्रशासन ने जिले के सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटना की पुनरावृत्ति न हो। इस घटना ने स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और अभिभावकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।