

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Boat capsizes in Ganga river, 2 dead, several missing... outcry ensues
पटना। आज गुरुवार सुबह पटना में बड़ा हादसा हो गया। गंगा नदी में लोगों से भरी नाव अचानक पलट गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है।
14 लोग सवार थे नाव में
पटना जिला प्रशासन के मुताबिक बाढ़ अनुमंडल के उमानाथ घाट के पास बिंद टोली के 14 लोग नाव से समस्तीपुर जिले के सुल्तानपुर दियारा स्थित मोहिउद्दीननगर गए थे। ग्रामीण अक्सर वहां परवल तोड़ने और खेती-किसानी के दूसरे कामों के लिए जाते हैं।
वापसी के दौरान तेज हवा बनी हादसे की वजह
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब पौने छह बजे लौटने के दौरान तेज हवाओं के कारण नाव असंतुलित हो गई और सुल्तानपुर दियारा के पास गंगा नदी में पलट गई।हादसे के बाद नाव में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों और प्रशासन की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया।
अब तक 2 शव मिले, 5 लोग अब भी लापता
प्रशासन ने बताया कि अब तक सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं दो लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। इसके अलावा पांच लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
दो जिलों की टीमें चला रहीं राहत अभियान
घटना के बाद समस्तीपुर और पटना जिला प्रशासन की टीमें संयुक्त रूप से बचाव अभियान चला रही हैं। नदी में लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है। प्रशासन ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है।