

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Kaziranga Bus Accident: Major road accident in Kaziranga; 24 people died and 20 injured in a collision between a mini-bus and a container truck.
काजीरंगा। असम के काजीरंगा नेशनल पार्क के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 लोगों की जान चली गई, जबकि 20 लोग घायल हो गए। नेशनल हाईवे-715 पर मिनी बस और कंटेनर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई। हादसे में कई छात्र, दो महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि मिनी बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और शवों को बाहर निकालने के लिए बस को काटना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, मिनी बस जोरहाट से नगांव की ओर जा रही थी। वहीं, कंटेनर अपर असम की तरफ जा रहा था। मिनी बस में करीब 45 यात्री सवार थे, जिनमें कई कॉलेज के छात्र शामिल थे। बताया जा रहा है कि छात्र क्लास खत्म होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। हादसे में बस चालक और हेल्पर की भी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने हादसे पर गहरा दुख जताया है।
इस हादसे के बाद मिनी बस की तेज रफ्तार को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, काजीरंगा नेशनल पार्क के इस हिस्से में वाहनों की अधिकतम गति सीमा 40 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित है, लेकिन हादसे के वक्त मिनी बस करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी। बताया जा रहा है कि इस मिनी बस के खिलाफ पहले भी ओवरस्पीडिंग के 12 चालान काटे जा चुके थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, मिनी बस को एक बार 102 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाने पर भी जुर्माना लगाया गया था। स्थानीय स्तर पर यह भी बताया गया है कि जहां स्पीड कैमरे लगे हैं, वहां चालक वाहन की रफ्तार कम कर लेते हैं, जबकि कैमरों से दूर होने पर तेज गति से गाड़ी चलाते हैं। इस भीषण हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।