

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major train accident in Spain: 68 people killed in collision between two high-speed trains, sparking widespread alarm
मैड्रिड। स्पेन में बुधवार को दो हाई-स्पीड ट्रेनों के बीच हुई भीषण टक्कर में 68 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 50 लोग घायल बताए गए हैं। शुरुआती जांच में सिग्नल सिस्टम में खराबी की बात सामने आई है। हादसे के बाद रेल संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।यह दुर्घटना टोलेडो प्रांत में उडां और लॉस येवेनेस स्टेशनों के बीच हुई। जानकारी के अनुसार, निजी रेल कंपनी इर्यो की एक ट्रेन पटरी पर रुकी हुई थी। इसी दौरान पीछे से आई सरकारी कंपनी रेन्फे की ट्रेन उससे टकरा गई। टक्कर के समय ट्रेन की वास्तविक रफ्तार कितनी थी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। संबंधित रेल मार्ग पर ट्रेनें 200 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति से चल सकती हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, हादसा सुबह 8:54 बजे हुआ। इससे करीब 24 मिनट पहले, सुबह 8:30 बजे मुख्य सुरक्षा प्रणाली एलजेडबी में खराबी आ गई थी। इसके बाद ट्रेनों का संचालन वैकल्पिक बीएसएल व्यवस्था के तहत किया जा रहा था।एलजेडबी प्रणाली ट्रेन की गति और आगे मौजूद दूरी पर नजर रखती है। इसके खराब होने पर बीएसएल व्यवस्था में चालक को पटरी के किनारे लगे सिग्नल देखकर ट्रेन चलानी होती है।रिपोर्ट्स के अनुसार, इर्यो की ट्रेन पटरी पर रुकी हुई थी। इसके बावजूद कंट्रोल सेंटर से रेन्फे की ट्रेन को सामान्य गति से आगे बढ़ने की अनुमति दिए जाने की बात सामने आई है। निर्धारित प्रोटोकॉल के मुताबिक, ऐसी स्थिति में चालक को रास्ते की स्थिति देखकर ट्रेन की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक सीमित रखनी चाहिए थी।परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने बताया कि कंप्यूटर संचार प्रणाली में खराबी के कारण सुरक्षा व्यवस्था बंद हुई और ट्रेनों को रुकना पड़ा। हालांकि, हादसे की असल वजह की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
स्पेन में पिछले कुछ वर्षों के दौरान रेल दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ने का दावा किया गया है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2016 में 45 रेल हादसे दर्ज हुए थे, जबकि 2025 में यह संख्या बढ़कर 69 हो गई।रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 2018 से 2022 के बीच हाई-स्पीड रेल नेटवर्क पर सालाना औसतन करीब 16 हजार करोड़ रुपये खर्च हुए, लेकिन रखरखाव पर खर्च का हिस्सा लगभग 16 प्रतिशत ही रहा। रेल कर्मचारी संघ के प्रवक्ता जोआन रोड्रिगेज ने निजीकरण के कारण बढ़ते दबाव को लेकर चिंता जताई है।रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी में भी दो ट्रेनों की टक्कर में 46 लोगों की मौत हुई थी। बुधवार की दुर्घटना को यूरोप में पिछले 13 वर्षों के सबसे घातक रेल हादसों में से एक बताया गया है। वर्ष 2013 में स्पेन में हुए एक अन्य रेल हादसे में 80 लोगों की जान गई थी।
स्पेन हाई-स्पीड रेल नेटवर्क के मामले में दुनिया में दूसरे स्थान पर है। चीन का हाई-स्पीड रेल नेटवर्क करीब 45,000 किलोमीटर लंबा है, जबकि स्पेन में इसकी लंबाई लगभग 3,900 किलोमीटर बताई गई है।आमतौर पर 250 किलोमीटर प्रति घंटे या उससे अधिक गति से चलने वाली ट्रेनों के लिए बनाए गए रेल मार्गों को हाई-स्पीड नेटवर्क की श्रेणी में रखा जाता है। इतने बड़े नेटवर्क के बावजूद लगातार सामने आ रही दुर्घटनाओं ने सुरक्षा प्रणाली, तकनीकी निगरानी और रेल पटरियों के रखरखाव को लेकर चिंता बढ़ा दी है।