

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

MP News: CM Mohan Yadav expresses grief over fire incidents in Katni and Seoni; announces financial aid of Rs 4 lakh each to the families of the deceased.
भोपाल। मध्य प्रदेश में दीपावली की रात कटनी और सिवनी जिले में हुए भीषण अग्निकांड ने दो परिवारों को उजाड़ दिया। दोनों हादसों में कुल 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इन घटनाओं पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने दिवंगतों को श्रद्धांजलि देते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर लिखा कि दीपावली पर्व पर कटनी जिले के बरही और सिवनी जिले के छपारा में आग लगने की दुखद घटनाओं में दो परिवारों के कई सदस्यों के निधन का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। उन्होंने दिवंगतों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
दीपावली की रात सिवनी जिले के छपारा थाना क्षेत्र के महावीर वार्ड क्रमांक-7 में जैन मंदिर के पास कुंदन सोनी के मकान में तड़के करीब 4 से 4:30 बजे आग लग गई। हादसे के वक्त घर में परिवार के कुल 10 सदस्य मौजूद थे।
आग तेजी से फैलने के कारण छह लोग इसकी चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई, जबकि चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
वहीं, कटनी जिले के बरही में रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में दो माह के मासूम समेत एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई।
आग लगने के बाद परिवार के सदस्यों को बचाने के लिए रातभर प्रयास किए गए। सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इस घटना ने पूरे बरही नगर को झकझोर कर रख दिया।
दोनों हादसों में 12 लोगों की मौत के बाद मुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता की घोषणा की है। अब इन घटनाओं के कारणों की जांच और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत पर भी सवाल उठ रहे हैं।